Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअग्निपथ योजना : मथुरा में कई जगह हाईवे युवाओं के कब्जे में,...

अग्निपथ योजना : मथुरा में कई जगह हाईवे युवाओं के कब्जे में, पथराव से भारी नुकसान, जनशताब्दी एक्सप्रेस को रोका

मथुरा(हि.स.)। अग्निपथ योजना के विरोध में पूरे देश में युवाओं द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं मथुरा जिले में शुक्रवार को अलग-अलग जगहों पर युवा प्रदर्शन कर रहे है। कुछ जगहों पर इसने उग्र रूप लिया है। आगरा दिल्ली हाईवे पर कई जगहों पर युवा जाम लगाकर बैठे हैं। कोसीकलां, छाता के अलावा मथुरा शहर में हाईवे पर युवाओं का कब्जा है।

वहीं मथुरा में युवकों ने रेलवे लाइन पर पहुंचकर जनशताब्दी एक्सप्रेस को रोकने का प्रयास किया। लेकिन जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा समझाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। दोपहर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच चूहे बिल्ली का खेल चलता रहा।

कई दिनों से सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं का प्रदर्शन पूरे देश में चल रहा है। वहीं शुक्रवार को युवाओं ने पहले छाता कस्बे में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इसके बाद छाता रेलवे स्टेशन का घेराव कर लिया। ट्रेक घेरकर ट्रेन आने का इंतजार करने लगे। कोसीकलां में आगरा दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया। अधिकारियों के समझाने की कोशिश की लेकिन युवाओं ने किसी की नहीं सुनीं। भरतपुर रोड पर अलवरपुर के पास कोटा से हजरत निजामुद्दीन जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस रेड सिंग्नल के कारण खड़ी थी तभी युवा ट्रेन के पास पहुंच गए ऐसे में ट्रेन करीब 20 मिनट तक खड़ी रहीं बाद में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर ने युवाओं को समझाया और ट्रेक खाली कराया। उधर मथुरा शहर में एटीवी फैक्ट्री के निकट युवाअें ने आगरा दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे पर दोनों ओर का यातायात करीब एक घंटे से रुका है।

जिलाधिकारी व एसएसपी ने युवाओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन युवा अभी तक जाम लगाए हुए हैं। इस बीच एटीवी फैक्ट्री के पास युवाओं ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया तो पुलिस ने भी लाठीचार्ज करते उन्हें खदेड़ा है। वहीं यमुना एक्सप्रेस-पर बाजना कट पर युवाओं ने जाम लगा दिया। हालांकि यहां पांच मिनट लगे जाम के बाद पुलिस ने खुलावा दिया। लेकिन दोबारा जाम लगाने का युवा प्रयास कर रहे है। इधर पुलिस ने लाठीचार्ज कर युवाओं को खदेड़ने के बाद आगरा दिल्ली रोड टै्रक सामान्य करा दिया है। लेकिन पुलिस और प्रदर्शनकारी युवाओं अलग-अलग जगह जाकर जाम लगाने का प्रयास कर रहे है, जिनको मथुरा पुलिस विफल करने में जुटी है।

भरतपुर रोड : हरियाणा रोडवेज की बस में लगाई आग

एटीवी कट के निकट हाईवे पर पथराव करने के बाद कुछ युवा भरतपुर रोड पर पहुंच गए और मथुरा भरतपुर रोड पर जाम लगा दिया। यहां पर इन युवाओं ने हरियाणा रोडवेज की एक बस में आग लगा दी। आग लगाने से पहले बस पर पथराव किया गया, जिससे सवारियों में चीख पुकार मच गई और वह बस से कूद कर भागने लगीं। यह बस बल्लभगढ़ से बालाजी जा रही थी। बस के चालक चेतन सिंह ने बताया कि युवकों ने पहले बस पर पथराव किया और फिर आग लगा दी। गनीमत रही कि आग लगने से पहले सभी सवारियां बस से भाग गई थीं।

पथराव में बसों और कारों में सवार लोग जान बचाकर भागे

एटीवी कट के हाईवे पर पथराव होने पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। बसों और कारों में सवार लोग जान बचाने के लिए या तो सीटों के नीचे घुस गए या भागने लगे। तमाम महिला पुरुष और बच्चे पथराव से बचने को सुरक्षित जगह की ओर भाग रहे थे। अधिकांश गाड़ी चालक अपनी गाड़ियों को वही छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर भाग निकले। पथराव थम जाने और हाईवे खुलने पर जब लौटे तो पहासू बुलंदशहर निवासी सुरेंद्र सिंह को अपनी गाड़ी नहीं मिली।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular