Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअग्निपथ योजना के विरोध से पहले पकड़े गये नौ युवक, पांच भेजे...

अग्निपथ योजना के विरोध से पहले पकड़े गये नौ युवक, पांच भेजे गये जेल

कानपुर(हि.स.)। सेना भर्ती की अग्निपथ योजना का विरोध देश के कई हिस्सों में हो रहा है। कानपुर के युवकों में भी विरोध की योजना बन रही है, लेकिन कमिश्नरेट पुलिस की सक्रियता से उनके मंसूबे सफल नहीं हो पा रहे हैं। पुलिस ने अब तक नौ युवकों को पकड़ा है जो विरोध की योजना बना रहे थे। इनमें पांच युवकों को जेल भेज दिया गया है और चार को मुचलका भराकर छोड़ दिया गया है।

अग्निपथ योजना का विरोध बिहार से शुरू हुआ और उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक पहुंच चुका है। कानपुर में भी युवकों द्वारा ऐसे ही विरोध की योजना बनाई जाने लगी। सेना की तैयारी कर रहे युवकों ने व्हाट्सएप के जरिये रणनीति बनाना शुरू किया, लेकिन विरोध से पहले ही नौ युवक पकड़े गए । इससे युवकों की रणनीति फिलहाल सफल नहीं होती दिख रही है। इसके साथ ही नेशनल हाइवे और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की गश्ती बराबर चल रही है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि चकेरी थाना क्षेत्र से पांच युवकों को पकड़ा गया। यह युवक विरोध स्वरूप रामा देवी पुलिस चौकी को फूंकने की योजना व्हाट्सएप ग्रुप पर बना रहे थे। हिंसक योजना बनाने पर सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया। इसी तरह नौबस्ता थाना क्षेत्र के चार युवक नेशनल हाइवे शांतिपूर्वक जाम करने की योजना व्हाट्सएप ग्रुप पर बना रहे थे। चारों युवकों को पकड़ा गया तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की। इस पर समझाते हुए उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर बराबर निगरानी रखे हुए है। इसके साथ ही नेशनल हाइवे सहित सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular