Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअगले पांच वर्षों में उप्र में सड़क निर्माण के लिए देंगे पांच...

अगले पांच वर्षों में उप्र में सड़क निर्माण के लिए देंगे पांच लाख करोड़: गडकरी

-केंद्रीय मंत्री ने कहा- यह तभी सम्भव होगा जब होगी डबल इंजन की सरकार

लखनऊ (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश की जनता से वादा किया कि अगले पांच साल में पांच लाख करोड़ रुपये प्रदेश में रोड बनाने के लिए देंगे। अमेरिका के समान सड़कें होंगी। गडकरी ने कहा कि यह सपना डबल इंजन की सरकार के बगैर पूरा नहीं हो सकता। इसलिए प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनानी है। हमारे पास पैसे की कोई कमी नहीं है। कोई कांट्रैक्टर कह नहीं सकता कि काम लेने के लिए उसे गडकरी के घर जाना पड़ा है। हमारी यह ताकत है।

यह बातें गडकरी ने बुधवार को अमौसी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं दिनेश शर्मा की उपस्थिति में 26 हजार 778 करोड़ की लागत वाले 821 किमी के राष्ट्रीय राजमार्गों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कही। गडकरी ने कहा कि लखनऊ और कानपुर की जनता को विश्वास दिला रहा हूं कि इस मार्ग के बनने के बाद इन दोनों शहरों के बीच की दूरी केवल आधे घंटे की रहेगी। इसके साथ ही स्थानयी सांसद एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्ताव पर राजधानी लखनऊ को कई योजनाओं की सौगात दी। गडकरी ने ठाकुरगंज और दुबग्गा के बीच एक और फ्लाइओवर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण का कार्य केंद्र करेगा। इसमें केवल राज्य सरकार की मदद चाहिए होगी।

गडकरी ने कहा कि देश के विकास के लिए चार बातें बहुत जरूरी है। पानी, बिजली, यातायात और टेली कम्यूनिकेशन। इसके बगैर विकास सम्भव नहीं है। 2014 में भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार बनी। इसी से देश बदल रहा है। गोरखपुर से सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल तक 519 किलोमीटर ग्रीनफील्ड मार्ग का निर्माण किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट करीब 32 हजार करोड़ का होगा। अगले छह माह में इस पर काम शुरू किया जाएगा। दूसरा हाइवे वाराणसी कलकत्ता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे कन्ट्रोल हाइवे बनाने की भी घोषणा की। 20 हजार करोड़ की लागत से इसका निर्माण किया जाएगा। इटावा से कोटा तक चंबल हाइवे बनेगा। यह मध्य प्रदेश के कोटे से बनेगा लेकिन इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के इटावा से होगी। आठ हजार करोड़ की लागत से 358 किलोमीटर से लंबा बनेगा। उन्होंने कहा कि मीडिया के लोग रिकार्ड कर लें। वे जो कहेंगे वह करके दिखाएंगे। भाजपा कभी झूठे वादे नहीं करती।

इसके साथ ही उन्होंने बस्ती, सिद्धार्थनगर, रायबरेली, लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, संतकबीरनगर, अमेठी, श्रावस्ती, चित्रकूट, गोण्डा, देवरिया, कानपुर, महाराजगंज और जौनपुर में हजारों करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट की घोषणा की। गडकरी ने कहा कि अगले छह माह में इन सभी प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है। योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बदल रहा है। जो लोग सज्जन लोगों का जीना मुहाल कर दिए थे, योगी जी के बुल्डोजर ने उन्हें उखाड़ फेंक दिया है। वे भारत की जनता की तरफ से योगीजी को धन्यवाद दे रहे हैं।

दिलीप शुक्ला/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular