Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

झांसी(हि. स.)। थाना टोड़ी फतेहपुर क्षेत्र में हुई एक ही गांव में तीन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस कप्तान ने खुलासा करते हुए बताया कि चोरों के इस बड़े गिरोह द्वारा आसपास के आधा दर्जन से अधिक जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। इस गिरोह में करीब डेढ़ दर्जन लोग शामिल हैं और अब तक करीब 122 घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह का सरगना समेत 3 लोग पुलिस की गिरफ्त से फरार हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने लाखों रुपये की कीमत के आभूषण,कार ,बाईक व तमंचे बरामद किए हैं। वही टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र में इस खुलासे को अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी बताया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बताया कि 4 सितंबर को रेवन निवासी रमेश चंद्र यादव की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया था। मामले के खुलासे को लेकर टोड़ी फतेहपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई की ग्राम बगरौनी से पहले नहर पुलिया के पास अभियुक्त श्रीकांत, उदयभान, श्याम देवी और आलोक राजपूत खड़े हुए हैं। शीघ्र ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य हैं, जिन्होंने उप्र, मप्र व राजस्थान के करीब 122 स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। अभियुक्तों के पास से लगभग 90.51 ग्राम सोने के जेवरात  कीमत करीब 4.7 लाख,710 ग्राम चांदी के जेवरात कीमत करीब 42 हजार, बिना नंबर की एक टाटा टियागो कार, एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक सिलाई मशीन, 315 बोर के 2 अवैध तमंचे व 7 जिंदा कारतूस बरामद किए।
गहन पूछताछ पर अभियुक्तों ने बताया कि थाना टोडी फतेहपुर के ग्राम रेवन में उन्होंने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया था और चोरी से मिले पैसों से कार, मोटरसाइकिल एवं सिलाई मशीन खरीदी थी। आरोपीगणों के सरगना प्रदीप समेत महोबा जनपद के 3 साथी अभी भी फरार हैं। अपराधी श्रीकांत, उदय भान और आलोक राजपूत का लंबा आपराधिक इतिहास है। सभी पर करीब आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उदयभान पर कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। चोर श्रीकांत की माँ श्याम देवी व पिता उदयभान चोरी के माल को ठिकाने लगाने में पूरा सहयोग करते थे।
टीम को 25 हजार के पुरस्कार की घोषणाअभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में सर्विलांस सेल प्रभारी आशीष मिश्रा, एसओजी प्रभारी शैलेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष टोडीफतेहपुर राजपाल सिंह, उपनिरीक्षक त्रिदीप, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, आरक्षी दुर्गेश चैहान, आरक्षी मनोज कुमार, आरक्षी योगेंद्र चैहान, आरक्षी प्रदीप सेंगर, आरक्षी शैलेंद्र सिंह, आरक्षी पदम गोस्वामी, आरक्षी सतपाल सिंह, आरक्षी चंद्रशेखर, आरक्षी सुशील सरोज और आरक्षी कृष्णकांत सम्मिलित रहे। उक्त टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की गई है । साथ ही पत्र द्वारा आईजी झाँसी मण्डल के माध्यम से 50000 इनाम की संस्तुति की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular