लखनऊ (हि.स.)। सपा सांसद एसटी हसन के अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर आए बयान पर बुधवार को उत्तर प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन व पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने पलटवार किया है।
मोहसिन रजा ने इस संबंध में एक वीडियो जारी कर कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राम पर राजनीति करती है। वह इसलिए कह रहे हैं क्योंकि समाजवादी पार्टी के लोगों की आस्था श्रीराम प्रभू पर नहीं है। लेकिन राम हमारी आस्था हैं। करोड़ों देशवासियों की आस्था हैं। आप राम विरोधियों के साथ जाते हैं। हम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के बताए रास्तों पर चलते हैं। हम उनके अनुयायी हैं।
आप उनके अनुयायी नहीं हैं। इसलिए आप उन लोगों के साथ खड़े दिखायी देते हैं जो सनातन को मिटाने की बात करते हैं। आप ने भी राजनीति की प्रकाष्ठा पार कर दी। अपने फायदे के लिए रामभक्तों पर गोली चलवायी। उस पर राजनीति की और आज आप हमसे कह रहे हैं। पूरे देश ने देखा और आज भी पूरी दुनिया देख रही है कि आप किसके साथ खड़े हैं।
राम मंदिर के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे। इस पर समाजवादी पार्टी के सांसद एसटी हसन ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन साधु संत करेंगे या देश के संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति। इस पर फैसला साधू संत और महंतों को लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा पार्टी ने हमेशा से ही भगवान राम का राजनीतिकरण किया है।
दिलीप
