दंगाइयों से होगी नुकसान की भरपाई, चलेगा बुलडोजर
नागपुर पुलिस मुख्यालय में मुख्यमंत्री ने किया कानून व्यवस्था की समीक्षा
राज्य डेस्क
नागपुर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई दंगाइयों से की जाएगी। अगर वे पैसे नहीं देते हैं, तो उनकी संपत्ति बेचकर वसूली की जाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां बुलडोजर भी चलाया जाएगा। एक दिवसीय दौरे पर नागपुर पहुंचे मुख्यमंत्री पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। नागपुर हिंसा के बाद हुई कार्रवाइयों पर बोलते हुए फडणवीस ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह की वजह से हालात बिगड़े। हमने दंगाइयों की पहचान कर ली है। हम नुकसान की भरपाई उनसे ही करेंगे। जिन लोगों ने भी पुलिस को निशाना बनाया, उन उपद्रवपियों को अब परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसी पोस्ट करने वाले भी आरोपी ही माने जाएंगे। अब तक हम कई ऐसे पोस्ट हटा चुके हैं। हम दोषियों को नहीं बख्शेंगे। सीएम ने कहा कि पुलिस कर्मियों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागपुर हिंसा में कोई विदेशी या बांग्लादेशी एंगल था या नहीं? यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। जांच जारी है। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस कांस्टेबलों पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने यह भी कहा कि छेड़छाड़ की खबरें सच नहीं हैं।
यह भी पढें : कर्नाटक विधानसभा में मुस्लिम आरक्षण पर हंगामा
फडणवीस ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि हाल ही में हुई हिंसा के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नागपुर यात्रा प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि नागपुर हिंसा को खुफिया एजेंसियों की विफलता कहना गलत है। इसमें कोई भी राजनीतिक एंगल नहीं है। उन्होंने कहा, ’आज मैंने पुलिस अधिकारियों के साथ नागपुर में हुई घटना की समीक्षा की। इस दौरान पूरे घटनाक्रम की समीक्षा हुई और अब तक की गई कार्रवाई की भी विस्तार से समीक्षा की गई। औरंगजेब की कब्र की प्रतिकृति को सुबह जला दिया गया था। इस पर एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन इस पर कुरान की आयत लिखी होने की अफवाह फैलने के बाद लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ ने पथराव और आगजनी की। पुलिस ने एहतियाती कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दंगा करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है। अब तक 12 नाबालिगों समेत 104 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और लोगों को गिरफ्तार करेगी। जो लोग दंगे में शामिल हैं या दंगाइयों की मदद कर रहे हैं, उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को भी सह-आरोपी बनाया जाएगा। अब तक 68 सोशल मीडिया पोस्ट की पहचान कर उन्हें हटाया गया है।’
यह भी पढें : SSP को कुछ नहीं समझता मुंशी! जानें क्या कर डाला
नम्र निवेदन
सुधी पाठकों, आपको अवगत कराना है कि आपके द्वारा प्रेषित अनेक खबरें ‘हिंदुस्तान डेली न्यूज’ पोर्टल पर प्रकाशित की जाती हैं; किंतु सभी खबरों का लिंक ग्रुप पर वायरल न हो पाने के कारण आप कई बार अपनी तथा अन्य महत्वपूर्ण खबरों से वंचित रह जाते हैं। अतः आपसे अनुरोध है कि आप सीधे www.hindustandailynews.com पर जाकर अपनी खबरों के साथ-साथ पोर्टल पर प्रकाशित अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। पोर्टल को और अधिक सूचनाप्रद तथा उपयोगी बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है। जानकी शरण द्विवेदी, संपादक-हिंदुस्तान डेली न्यूज, मो. 9452137310