Thursday, December 11, 2025
Homeउत्तर प्रदेशजब रिजल्ट आना शुरू होगा तब राहुल गांधी फटाफट फटाफट इटली भागना...

जब रिजल्ट आना शुरू होगा तब राहुल गांधी फटाफट फटाफट इटली भागना शुरू कर देगें: केशव प्रसाद मौर्य

वाराणसी में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनाव प्रचार में उतरे,शाम को शिवपुर में करेंगे जनसभा

वाराणसी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खटाखट खटाखट वाले बयान पर जमकर तंज कसा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जब रिजल्ट आना शुरू होगा तब राहुल गांधी फटाफट लंदन और इटली भागना शुरू कर देगें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनाव प्रचार में शहर में दो दिन से प्रवास कर रहे उप मुख्यमंत्री बुधवार को शिवपुर स्थित एक लान में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने के पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को बयान वीर बताया। तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। पूरे काशी में एक तरफा माहौल देखने को मिल रहा है। पूरी काशी मोदी मय दिखाई दे रही है। काशी में इस बार 2014-19 का रिकॉर्ड भी टूटेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। वाराणसी आने के पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को चन्दौली, घोसी, बलिया तथा बांसगांव लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।

विरोधी दलों खास कर इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में एक तरफ गरीब, युवा, महिला व किसान हैं तथा दूसरी तरफ गुण्डे, अपराधी, माफिया हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, महिला व किसान की ताकत से नरेन्द्र मोदी दो बार देश के प्रधान सेवक बने हैं और चार जून को तीसरी बार देश के प्रधानसेवक बनने जा रहे हैं।

मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं देश के खजाने पर, देश की सम्पत्तियों पर तथा देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का है। वहीं सपा, बसपा व कांग्रेस के लोग कहते हैं कि इस देश के खजाने, सम्पत्ति तथा संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। गरीबों का हक गरीबों को मिले इसलिए कमल के फूल का बटन दबाकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आशीर्वाद दीजिए।

श्रीधर/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular