Friday, November 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेशआधी आबादी सुरक्षित तो सब सुरक्षित : योगी

आधी आबादी सुरक्षित तो सब सुरक्षित : योगी

– मुख्यमंत्री ने शक्ति नगरी से विपक्ष को कराया शक्ति का अहसास

मीरजापुर(हि.स.)। विंध्य पर्वत के निकट लालगंज स्थित मिलिट्री ग्राउंड पर नारी शक्ति वंदन मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधी आबादी सुरक्षित तो सब सुरक्षित। महिला की सुरक्षा होगी तो विकास भी होगा, निवेश भी होगा और रोजगार सृजन भी होगा। बेटी, बहन व माता की कोई जाति नहीं होती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित करा दिया है। इससे अब विधानसभा व लोकसभा में एक तिहाई महिला निर्वाचित होकर आएंगी। इसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के बहाने मुख्यमंत्री एक तीर से कई निशाना लगा गए और शक्ति नगरी से विपक्ष को शक्ति का अहसास करा गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत महिला सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आजादी के 70 वर्षों के बाद पहली बार लगा कि महिला भी राजनीति के एजेंडे का प्रमुख हिस्सा हैं। देश की नई संसद बनने के बाद पहले ही सत्र में देश के आधी आबादी की मांग को आगे बढ़ाया। महिलाएं संसद और विधानसभा में चुनकर जाएं, यह प्रधानमंत्री ने पूरा किया।

विश्वविद्यालय के लिए आप भूमि तय करिए, हम शिलान्यास करने आएंगे

मुख्यमंत्री ने विंध्य कॉरिडोर, मेडिकल कालेज, हर घर नल योजना, आयुष्मान भारत, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समेत महिला हित के तमाम योजनाओं का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां विंध्यवासिनी के नाम पर विंध्य विश्वविद्यालय का भी निर्माण होगा। इसके लिए भूमि चिन्हित होने पर विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के लिए एक बार फिर मीरजापुर आने का एलान किया।

स्वामित्व योजना से 75 लाख परिवार की महिलाएं बन चुकी हैं जमीन की मालकिन

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्हें प्रधानमंत्री आवास नहीं मिला है, उन्हें मुख्यमंत्री आवास मिलेगा। उत्तर प्रदेश पुलिस में पहले 10 हजार महिलाएं थीं, अब 40 हजार महिलाएं पुलिस बल में काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना में 75 लाख परिवार की महिलाएं जमीन की मालकिन बन चुकी है।

मुख्यमंत्री के हाथों विंध्य शक्ति सम्मान मिलने से खिले चेहरे

नारी शक्ति वंदन मंच पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली विंध्य क्षेत्र की 10 महिलाओं को विंध्य शक्ति सम्मान से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम प्रधान रेशू पटेल, स्वयं सहायता समूह की सरिता देवी, लोकगीत कजली गायिका पद्श्री अजीता श्रीवास्तव, उद्यमी संध्या बरनवाल, शिक्षिका रश्मि सिंह, चिकित्सक मृदुला जायसवाल, पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी निधि सिंह पटेल, समाजसेवी नंदिनी मिश्रा, अधिवक्ता समीरा फैज, पुलिसकर्मी शशि तिवारी के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कमलेश्वर शरण/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular