Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUPSC के नतीजों से UP Police में खुशी का माहौल

UPSC के नतीजों से UP Police में खुशी का माहौल

तीन अभ्यर्थियों के चयन पर विभाग ने जताई खुशी, ट्वीट कर दी गई बधाई

जानकी शरण द्विवेदी

लखनऊ। यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2021 में पुलिस परिवार से तीन अभ्यर्थियों का चयन होने के बाद विभाग में भी खुशी का माहौल है। चयनित अभ्यर्थियों के करीबी और जान पहचान के लोग तो उन्हें फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दे ही रहे हैं। यूपी पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी ट्वीट करते तीनों उम्मीदारों की सफलता पर बधाई दी गई है। इतना ही नहीं, विभाग ने अपने इस ट्वीट को पिन्ड ट्वीट के रूप में संरक्षित किया है, जिससे यह टाप ट्रेंडिंग बना रहे।
पुलिस विभाग को सबसे बड़ी खुशी मिर्जापुर जिले में एसपी सिटी के पद पर तैनात संजय कुमार वर्मा के बेटे आदित्य वर्मा (22) ने ने दी है। यूपीएससी की परीक्षा में उन्हें 200वीं रैंक हासिल हुई है। खास बात यह है कि आदित्य वर्मा ने अपने पहले ही प्रयास में देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा को पास किया है। जानकारी के अनुसार, आदित्य वर्मा ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई लखनऊ पब्लिक स्कूल से की। वहीं से उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा पास कर दिल्ली चले गये, जहां से बीटेक किया। इसके बाद एमटेक करने के बजाय उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग को प्राथमिकता देते हुए उसकी तैयारी शुरू की और अपने पहले प्रयास में ही उन्होंने सफलता हासिल किया। आदित्य अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता और मां को देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हीं की प्रेणणा से यह उपलब्धि हासिल हुई है। आदित्य ने कहा कि अपने पिता को एक पुलिस अधिकारी के रूप में गरीबों की सेवा करते हुए देखता था, तो वहीं से प्रेरणा मिली कि आईपीएस बनकर देश सेवा करूं। बेटे की सफलता पर पूरा परिवार काफी खुश है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने कहा कि बेटे के संघर्ष और मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और उसकी मां के आशीर्वाद से उसे यह मुकाम हासिल हुआ है। पुलिस की सेवा में होने के कारण उसका समुचित मार्गदर्शन करने के लिए मेरे पास समय नहीं हुआ करता था, किन्तु उसने अपनी मां का आशीर्वाद लेकर अपने लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ा और पहले ही प्रयास में 200वीं रैंक हासिल किया। बताते चलें कि आजमगढ़ जिले के मूल निवासी संजय वर्मा भी पढ़ाकू प्रवृत्ति के हैं। वह भी दर्शन शास्त्र से स्नातक में आनर्स करने के बाद बेटे की भांति ही 22 वर्ष की अवस्था में ही 1992 बैच के पुलिस उपाधीक्षक बन गए थे। विभागीय प्रोन्नति समिति की बैठक होते ही उन्हें भी जल्द ही आइपीएस एवार्ड हो जाएगा। इस प्रकार से पिता और पुत्र दोनों एक साथ कंधे पर अशोक की लाट लगा सकेंगे। ज्यादातर संभव है कि आदित्य को आइएएस मिल जाय।

UPSC के नतीजों से UP Police में खुशी का माहौल
माता-पिता के साथ मौजूद आदित्य।

यह भी पढें : घर में घुसकर सभासद पर जानलेवा हमले में पांच गिरफ्तार

राजधानी के कोतवाली काकोरी के समदा पुलिस चौकी के प्रभारी सुरेश नारायण मिश्रा की पुत्री ज्योति मिश्रा ने भी यूपीएससी की परीक्षा फतह कर अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उसे 432वीं रैक मिली है। ज्योति मिश्रा का कहना है कि वह वर्तमान में दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय में कार्यरत है। लखनऊ में स्कूलिंग के बाद बीकॉम की पढ़ाई के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी चली गई। वहां पढ़ाई के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगी और दूसरे प्रयास में ही सफलता हासिल की है। परिणाम आने के बाद पिता से उसने वीडियो कॉल पर बात की तो उसकी आंखों से खुशी के आंसू छलक आए। ज्योति ने कहा कि मैं अपने लक्ष्य को लेकर हमेशा फोकस रही। मेरी सलाह है कि अभ्यर्थी केवल पाठ्यक्रम की ही पढ़ाई करें और जमकर अभ्यास करें। ज्यादा से ज्यादा पेपर सॉल्व करना ही सफलता दिला सकता है। सहारनपुर जिले के बेहद सर्किल में सीओ के रूप में कार्यरत चित्रांशु गौतम ने भी इस परीक्षा में सफलता हासिल की है। 630वीं रैंक हासिल करने वाले चित्रांशु का सपना आईएएस या आईपीएस बनना है। वह इस सपने को पूरा करने के लिए फिर प्रयास करेंगे। मूल रूप से लखनऊ के निवासी चित्रांशु गौतम ने वर्ष 2017 में पीपीएस में 53वीं रैंक हासिल की थी। उन्हें डिप्टी एसपी के पद पर ट्रेनिंग के उपरांत पहली तैनाती सहारनपुर में मिली थी। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के चलते उन्हें दिन में पढ़ाई करने का मौका नहीं मिल पाता है। रात में एक से दो घंटे पढ़ाई कर पाते थे। उन्होंने बताया कि यह उनका चौथा इंटरव्यू है। उनकी सफलता पर एसएसपी आकाश तोमर ने बधाई दी है।

यह भी पढें : शिकायतों के फौरी निस्तारण से नाखुश हैं CM, जानें अफसरों से क्या बोले

इस बीच यूपी पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में तीनों सफल उम्मीदवारों को बधाई दी गई है। विभाग की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है, ‘यूपी पुलिस परिवार की ओर से सिविल सेवा परीक्षा 2021 में ज्योति मिश्रा (पुत्री सुरेश नारायण मिश्र, एसआई कमिश्नरेट लखनऊ) को 432 रैंक, आदित्य वर्मा (पुत्र संजय कुमार पुलिस अधीक्षक नगर मिर्जापुर) को 200 रैंक एवं चित्रांशु गौतम पुलिस उपाधीक्षक को 630 रैंक हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’ इस ट्वीट को पीएमओ इंडिया ने भी लाइक किया है। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक उपेन्द्र कुमार अग्रवाल, गोंडा के एसपी संतोष कुमार मिश्र तथा अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी है। एएसपी ने सुल्तानपुर की अरीबा नोमान को भी बधाई दी है, जिन्होंने 109वीं रैंक हासिल करते हुए मुस्लिम अभ्यर्थियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।बता दें कि हर वर्ष आइएएस, आईपीएस ऑफिसर बनने का ख्वाब संजोने वाले लाखों उम्मीदवार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देते हैं। इस परीक्षा को देश की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक माना जाता है। यूपीएससी सिविल सेवा के जरिए इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज (आईएएस), भारतीय पुलिस सर्विसेज (आईपीएस) और भारतीय फॉरेन सर्विसेज (आईएफएस), इंडियन रेव्न्यू सर्विसेज (आइआरएस), इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विसेज (आइआरएमएस), इंडियन पोस्टल सर्विसेज इत्यादि सेवाओं के लिए चयन किया जाता है। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में आयोजित की जाती है। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होती है। बीते 30 मई 2022 को वर्ष 2021 की परीक्षा का परिणाम जारी किया गया है।

UPSC के नतीजों से UP Police में खुशी का माहौल

यह भी पढें : गोली खाई, पागलखाने गए किन्तु हिम्मत न हारी तो क्रेक किया UPSC

महत्वपूर्ण सूचना

गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555

जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com

RELATED ARTICLES

Most Popular