फिरोजाबाद (हि.स.)। लंबे समय से टूटा फूटा पड़े फिरोजाबाद से लेकर जलेसर तक के मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य नाबार्ड-26 योजना के अन्तर्गत करीब 37 करोड़ से अधिक की लागत से होगा। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भाजपा विधायक के साथ इसका स्थलीय निरीक्षण किया है।
विधायक सदर मनीष असीजा ने बताया कि नाबार्ड-26 योजना के अंतर्गत फिरोजाबाद के किलोमीटर 06 से जलेसर मार्ग के किलोमीटर 26 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य जिसकी लंबाई लगभग 20 किलोमीटर है। करीब 3786.41 लाख रूपये द्वारा कराया जा रहा है। यह कार्य दिसम्बर 2021 तक पूर्ण करने के लक्ष्य के सापेक्ष विगत 03 माह पूर्व शुरू कर दिया गया था लेकिन अभी तक मात्र 15 से 20 प्रतिषत ही कार्य पूर्ण हुआ है जो कि 50 से 60 प्रतिशत होना चाहिए था।
अनेक बार अधिकारियों ठेकेदारों से कहने के बावजूद भी कार्य में गति नहीं आ पा रही थी। जिसको लेकर उन्होंने इस मुद्दे को लखनऊ की विधानसभा की आश्वासन समिति में उठाया। जिसके परिणाम स्वरूप मंगलवार को लोक निर्माण विभाग से आला अधिकारियों की टीम ने इस रोड का स्थलीय निरीक्षण किया तथा कार्य की धीमी गति के चलते ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दी कि वह तय समय सीमा में मानक के अनुरूप कार्य करें। ऐसा न होने पर पेनल्टी व अन्य समुचित कार्यवाही की जायेगी।
टीम ने संजीव भारद्वाज मुख्य अभियंता आगरा मंडल, परवेज अहमद खान अधीक्षण अभियंता मैनपुरी, अजय कुमार राठौर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड, रमेश चंद्र अधिशासी अभियंता निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग, एसके शर्मा, संजीव कुमार सहायक अभियंता रवि कुमार, महिपाल, सिपाही राम, जूनियर इंजीनियर ठेकेदार के प्रतिनिधि आर के सिंह व जीतू आदि मौजूद रहे।
