आजमगढ़ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 2022 में भागीदारी संकल्प मोर्चा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। जो कल तक हमें कमजोर बताते थे, वही हमारी ताकत से डरने लगे हैं। यह हमारे लिए शुभ संकेत है। यह बातें शुक्रवार को सदर विधानसभा के समेंदा में आयोजित महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह में सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने कही।
श्री राजभर ने कहा कि इस बार भाजपा का हिंदू-मुस्लिम कार्ड नहीं चलेगा। भाजपा के लोग नहीं चाहते कि लोगों को समान शिक्षा का अधिकार, मुफ्त बिजली और चिकित्सा मिले। ये लोग नहीं चाहते है कि गरीब का बेटा आरक्षण का लाभ ले सके।
उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम की बात करने वाली भाजपा को अपने गिरबां में झांककर देखना चाहिए। आखिर यूपी से जफर इकबाल को राज्यसभा किसने भेजा, नकवी और शहनवाज किसके साथ हैं। ये लोग रोटी और बेटी का संबंध रखते हैं और हम सिर्फ राजनीतिक संबंध रखते हैं तो इन्हें बुरा लगता है।
