Wednesday, April 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : 2022 का लक्ष्य हमारे लिए मछली की आंख जैसा...

UP News : 2022 का लक्ष्य हमारे लिए मछली की आंख जैसा : एके शर्मा

कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का किया भव्य स्वागत

प्रयागराज (हि.स.)। जहां एक तरफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल जातिवाद, वर्गवाद, धार्मिक उन्माद, तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के आधार पर राष्ट्र का निर्माण कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव 2022 का लक्ष्य हमारे लिए मछली के आंख जैसा है, जिसे हम सभी को भेदना है। यह बातें नवनियुक्त भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य एके शर्मा ने सोमवार को भाजपा कार्यालय सिविल लाइन में कार्यकर्ताओं संग परिचय बैठक में कही।

उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर अग्रसर है। देश की आजादी के बाद लगभग 70 वर्षों तक कांग्रेस एवं उसके सहयोगी की सरकार रही, जो देश के अंदर पूरी तरह से लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करा सकी। जिसे नरेंद्र मोदी की सरकार पूर्ण कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की धारा बह रही है और गुंडाराज का अंत हुआ। वैश्विक महामारी कोरोना पर हम काबू पा सके।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि देश की आजादी के बाद तो सत्ता का परिवर्तन हुआ, पर सत्ता के चरित्र का परिवर्तन अब हो रहा है और इसके लिए हमारी पांच पीढ़ियां बलिदान हो गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के लोगों ने समाज के अंदर विभाजन, अलगाववाद, जातिवाद का भेदभाव पैदा करने का काम किया और वहीं भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार ममस्पर्शी, समस्पर्शी की विचारधारा के साथ कार्य कर रही है और एक शक्तिशाली भारत आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर रही है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गंगापार अश्वनी दुबे सहित कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा का स्वागत किया। बैठक का संचालन देवेश सिंह एवं समापन वरुण केसरवानी ने किया। बैठक में मुख्य रूप से विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, कमलेश कुमार, मुरारी लाल अग्रवाल, रणजीत सिंह, कुंज बिहारी मिश्रा, राजेश केसरवानी, रमेश पासी, राजू पाठक, विवेक अग्रवाल, गिरजेश मिश्रा, बृजेश मिश्रा, पार्षद किरन जायसवाल, पदुम जायसवाल, रतन दीक्षित, मृत्युंजय तिवारी, प्रमोद मोदी, मनोज कुशवाहा एवं महानगर जिला गंगापार, यमुनापार और मंडल के सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular