संवाददाता
सिद्धार्थनगर। जिले में बुधवार को बैंक-स्वास्थ्यकर्मी समेत कोरोना के 14 मरीज मिले हैं जबकि 35 मरीज स्वस्थ हुए हैं। पॉजिटिव मरीजों में बढ़नी में मासूम, वृद्ध महिला समेत पांच, लोटन-शोहरतगढ़ में दो-दो, बांसी, इटवा, खेसरहा, मिठवल व नौगढ़ में एक-एक मिले हैं। सभी मरीजों को आइसोलेट करा दिया गया है। कोरोना की जांच रिपोर्ट में बढ़नी कस्बे में एक वृद्ध महिला व एक युवक, घरुआर गांव में मासूम व एक युवक, ढेबरुआ में एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। लोटन सीएचसी में एक स्वास्थ्यकर्मी, महथावल गांव में महिला पॉजिविट मिली है। शोहरतगढ़ क्षेत्र के पल्टादेवी में मां व मासूम बेटा, बांसी कस्बा में युवक व इटवा क्षेत्र के परसा गांव में वृद्ध में संक्रमण की पुष्टि हुई है। खेसरहा क्षेत्र के करही बगही में मासूम व मिठवल क्षेत्र के तिगोड़वा गांव में महिला पॉजिटिव मिली है। नौगढ़ में एक एसबीआई कर्मी पॉजिटिव मिला है। कोरोना के 35 मरीजों की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। साथ ही एहतियातन होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है।
