चुनार तहसील के धौंहा में 21 नवंबर को आयोजित होगा समारोह जिले के चारों तहसीलों में दो-दो स्थानों पर आयोजित होगा कार्यक्रम
मीरजापुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत 21 नवंबर को जिले में हर-घर नल योजना का शुभारम्भ करेंगे। इसके उद्घाटन समारोह के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को चुनार तहसील के धौंहा गांव को चुना है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री व मुख्यमंत्री ने विशेषतौर पर इसके उद्घाटन के लिए किसी गांव का चयन करने का निर्देश दिए थे। कहा गया था कि यह योजना ग्रामीण इलाके के लिए है लिहाजा ग्रामीण क्षेत्र में ही आयोजन किया जाए। इसके अलावा चारों तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित होगा। इन कार्यक्रमों में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि और आम जनता मौजूद रहेगी।
विंध्याचल मण्डल के मीरजापुर और सोनभद्र जिले के लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार से स्वीकृत हर-घर नल योजना का शुभारम्भ 21 नवंबर को जिले में होगा। लगभग 22 सौ करोड़ की इस परियोजना के उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए प्रदेश सरकार कोई कोरकसर नहीं छोड़ रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ ही सूबे के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह जहां धौहा में परियोजना की आधारशिला रखेंगे। वहीं जिले के चारों तहसीलों में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक समारोह आयोजित कर कार्यक्रम के संबंध में क्षेत्र के लोगों को बताएंगें। सदर तहसील में पहाड़ी ब्लाक, लालगंज तहसील में लालगंज के साथ ही हलिया व चुनार और मड़िहान विधानसभा क्षेत्र की परियोजनाओं का संयुक्त उद्घाटन धौंहा में आयोजित समारोह में किया जाएगा।
जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह धौंहा पहुंच कर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किए। विभिन्न विभागों को समारोह के लिए आवश्यक तैयारियां नियत समय के अंदर पूरी कर लेने का निर्देश दिए।
