बलिया (हि.स.)। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय बसंतपुर में ही रहेगा। यह बात कुलपति प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने मंगलवार को कही। उन्होंने यह स्पष्टीकरण विवि के द्वितीय दीक्षांत समारोह में आईं राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल द्वारा विवि परिसर को लेकर दिए गए बयान से तेज हुईं अटकलों पर दिया है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का वर्तमान परिसर पूरी तरह से सक्रिय रहेगा। यह विश्वविद्यालय जननायक चन्द्रशेखर के नाम पर स्थापित है और उनके आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ा रहा है। हालांकि, बाढ़ व दूसरी अन्य समस्याओं के कारण लम्बे समय से दूसरे परिसर की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसे ध्यान में रखकर हमने रसड़ा स्थित कताई मिल में द्वितीय परिसर स्थापित करने की मांग की गई थी, जिसे सरकार द्वारा जल्द पूरा किये जाने की संभावना है।
कुलपति ने कहा कि इस परिसर की मांग के पीछे मंशा यह है कि बाढ़ के समय में भी प्रशासनिक कार्यों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। साथ ही इस परिसर का उपयोग लड़कियों की शिक्षा के लिए करने का प्रस्ताव है। इस दृष्टि से स्पष्ट है कि चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय स्थानांतरित नहीं होगा, बल्कि इसका दूसरा परिसर रसड़ा में बनाने का प्रस्ताव है।
गौरतलब है कि दीक्षांत समारोह में अध्यक्षीय भाषण में कुलाधिपति ने विवि में हर वर्ष जलभराव को देखते हुए कहा था कि एक और परिसर की आवश्यकता है। इसी के बाद जिले में अटकलें शुरू हो गयी थीं।
