Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : स्थगित सेना भर्ती पुनः शुरू कराने की मांग को...

UP News : स्थगित सेना भर्ती पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर युवकों ने किया धरना प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

मथुरा(हि.स.)। जिले में करीब दो साल से स्थगित सेना भर्ती को फिर से शुरू कराए जाने की मांग को लेकर बुधवार दोपहर सैकड़ों की संख्या में युवक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां ज्ञापन सौंपकर जिलाधिकारी से युवकों ने भर्तियों की मांग की। ज्ञापन देने पहुंचे युवकों ने बताया कि सभी जगह पर भर्तियां चल रही हैं, हम काफी समय से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन दो सालों से जनपद में कोई भर्ती नहीं निकल रही है। अगर जल्द ही जनपद में भर्तियां शुरू नहीं हुईं तो हम उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

बुधवार को सैकड़ों की संख्या में युवक सेना भर्ती शुरू कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचे। युवकों का कहना था कि काफी समय से वह मेहनत कर रहे हैं। दो वर्षों से जनपद में कोई भी भर्ती नहीं निकल रही है, जब हम वेबसाइट पर खोलकर देखते हैं तो उस पर यह लिखा होता है कि जिलाधिकारी द्वारा भर्ती को फिलहाल स्थगित किया गया है। कई युवकों की उम्र निकलने वाली है. काफी समय से हम लोग मेहनत कर रहे हैं, लेकिन जनपद में भर्तियां नहीं निकल रही हैं। वहीं अन्य सभी जगहों पर भर्तियां निकल रही हैं। एक तरफ तो सरकार कोरोना वायरस का भय दिखा रही है, वहीं सरकार के नेता और कार्यकर्ता खुद रैलियां निकाल रहे हैं। 
युवकों ने बताया बीते वर्ष 2018 में 15 से 25 नवंबर तक सेना भर्ती आयोजित की गई थी लेकिन उसके बाद से अभी तक कोई भी सेना भर्ती नहीं की गई है जिसके चलते  लंबे समय से रुकी हुई सेना भर्ती की तैयारी में जुटे हुए हैं अभ्यार्थियों को अब आंदोलन करने का मन बना लिया है और केंद्र सरकार से भर्ती शुरू कराने की मांग की है ताकि सभी अभ्यर्थी सेना में भर्ती होकर अपने देश का अपने परिवार का नाम रोशन कर सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular