मेरठ (हि. स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अगर किसान आंदोलन 100 महीने चलेगा तो भी कांग्रेस किसानों के साथ है। अपने खरबपति मित्रों को खुश करने के लिए केंद्र सरकार ने कृषि कानून बनाये हैं। मेरठ में रविवार को सरधना क्षेत्र के कैली गांव में कांग्रेस की किसान पंचायत का आयोजन किया गया।
लग्जरी गाड़ी को पीछे छोड़कर ट्रैक्टर पर बैठकर किसानों के बीच पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन चाहे सौ हफ्ते चले या सौ महीने कांग्रेस इस लड़ाई में हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। प्रियंका गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के पास किसानों का बकाया भुगतान करने का पैसा नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने लिए हवाई जहाज खरीद रहे हैं। संसद के सौंदर्यीकरण में पैसा खर्च किया जा रहा है। मगर किसानों को भुगतान नहीं दिया जा रहा। किसानों को परजीवी बताकर उनका अपमान किया जा रहा है।
प्रियंका ने कहा कि उनके भाई राहुल गांधी ने किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए 215 किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए भरी संसद में मौन व्रत रखने का आह्वान किया था। लेकिन भाजपा का एक भी नेता अपनी सीट पर खड़ा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ‘हम दो हमारे दो’ की नीति पर चल रही है। जिसमें मोदी और शाह अडानी और अंबानी जैसों के हित में ही काम कर रहे हैं।
प्रियंका ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज आंदोलन को सौ दिन पूरे हो चुके। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसान चुप बैठेंगे। आंदोलन सौ हफ्ते चले या सौ महीने कांग्रेस इस आंदोलन में हमेशा किसानों के साथ है।
UP News : सौ महीने भी चले आंदोलन तो कांग्रेस किसानों के साथ : प्रियंका वाड्रा
RELATED ARTICLES
