Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : सोलर आधारित लूम लगाने पर मिलेगी सब्सिडी-सिद्धार्थ नाथ

UP News : सोलर आधारित लूम लगाने पर मिलेगी सब्सिडी-सिद्धार्थ नाथ

-12 बुनकरों को मिला संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार, 13 परिक्षेत्रों से 39 बुनकर भी पुरस्कृत

-पूंजीगत ब्याज उपादान योजना में 32 वस्त्र इकाइयों को 2.84 करोड़ रुपये वितरित

लखनऊ(हि.स.)। प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग को बढ़ावा देने लिए सोलर आधारित लूम लगाने पर सब्सिडी दी जायेगी। इसके लिए शीघ्र ही पॉलिसी भी आयेगी। उन्होंने कहा एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) कार्यक्रम के तहत चयनित जनपदों में सामान्य सुविधा केन्द्र (सीएफसी) की स्थापना कराई जा रही है।
श्री सिंह मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग द्वारा आयोजित संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार वितरण समारोह में बुनकरों एवं करीगरों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बुनकरों को कारीगरों के हुनर को बढ़ाने के लिए मनीष मल्होत्रा, रितु बेरी, रीना ढाका आदि ख्याति प्राप्त फैशन डिजाइनर्स को जोड़ा गया है। प्रदेश में टेक्सटाइल्स पार्क की स्थापना कराई जा रही है। साथ ही आठ हजार करोड़ रुपये का निवेश भी टेक्सटाइल्स क्षेत्र में होने जा रहा है।
पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदेश स्तरीय प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के बुनकरों को श्रेणीवार नं.1. (साड़ी, ब्रोकेड, ड्रेस मटेरियल) श्रेणी नं.-2 (सूती दरी, ऊलेन दरी, आसनी एवं दरेट) श्रेणी नं.-3 (बेडशीट, बेडकवर एवं होम फर्निशिंग) श्रेणी नं.-4 (स्टोल, स्कार्फ, गमछा व अन्य) सहित कुल 12 हथकरघा पुरस्कारों का वितरण किया गया। बुनकरों को नकद धनराशि, शील्ड, अंगवस्त्रम् व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।इसके साथ ही 13 परिक्षेत्रों से प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार पाने वाले कुल 39 बुनकरों को भी पुरस्कृत किया गया। परिक्षेत्र स्तरीय चयन समिति द्वारा चयनित बुनकरों को प्रथम पुरस्कार की धनराशि 20,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार की धनराशि 15,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार की धनराशि 10,000 रुपये प्रदान की गई।
पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर वस्त्रोद्योग विभाग द्वारा संचालित पूंजीगत ब्याज उपादान योजना के अन्तर्गत 32 वस्त्र इकाइयों को 2.84 करोड़ रुपये वितरित किये गये। भारत सरकार द्वारा टेक्सटाइल सेक्टर में प्रचुर मात्रा में दक्ष मैनपावर की उपलब्धता बनाये रखने के लिए 99,000 युवक-युवतियों के प्रशिक्षण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular