Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : सोरों में नागा साधुओं ने निकाली शाही सवारी, संपन्न...

UP News : सोरों में नागा साधुओं ने निकाली शाही सवारी, संपन्न हुआ संतों का शाही स्नान

कासगंज (हि.स.)। शूकर क्षेत्र सोरों में इन दिनों जारी मार्गशीर्ष माह के विभिन्न पर्वों के अवसर पर विभिन्न प्रांतों से एकत्र हुए साधु-संतों की रविवार को शाही सवारी निकाली गई। बड़ी संख्या में मौजूद नागा साधुओं ने शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न तरह के करतब दिखाए। गंगा घाट पर पहुंचकर गंगे हर के उद्घोष के साथ नागा साधुओं ने शाही स्नान की परंपरा को संपन्न किया।
मार्गशीर्ष माह की एकादशी द्वादशी के साथ यहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश के श्रेष्ठ तीर्थ स्थल शूकर क्षेत्र सोरों में मिनी कुंभ का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। यहां बड़ी संख्या में विभिन्न पथों के साधु संत एकत्रित होते हैं। इसी क्रम में रविवार को नागा साधुओं ने हरिपदी गंगा के किनारे स्थित अपने नागालैंड घाट से शाही सवारी का शुभारंभ किया। शाही सवारी नगर में भ्रमण करती हुई गंगा घाट पर पहुंची। 
भ्रमण के दौरान नागा पंथ के साधुओं ने विभिन्न तरह के शारीरिक करतब दिखाए। लाठी चलाना, तलवारबाजी करना, गदा चलाना सहित अन्य शारीरिक करतबों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तत्पश्चात गंगा घाट पर पहुंचकर नागा पंथ के सभी साधु संतों ने एक साथ गंगे हर के उद्घोष के साथ गंगा में डुबकी लगाई। 
इस दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों के अतिरिक्त उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली सहित अन्य प्रदेशों के साधु संत शाही स्नान में सम्मिलित हुए हैं। लगातार अभी दस दिनों तक नागा साधु संतों की यहां धोनी रमी रहेगी और चिलम जलती रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular