वाराणसी (हि.स.)। सेना दिवस (आर्मी डे) पर शुक्रवार को देश की आन के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के शौर्य और पराक्रम को नमन किया गया।
वर्ष 1971 में पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय के स्वर्ण जयंती वर्ष में आयोजित सेलिब्रेशन समारोह में 39 जीटीसी के जवानों ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदर लाल चिकित्सालय के शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में सैन्य बैंड का जानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जवानों ने देशभक्ति से भरे गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को देश प्रेम की भावना से लबरेज कर दिया।
कार्यक्रम में चिकित्सा विज्ञान संस्थान परिसर में कोरोना महामारी के दौरान चिकित्सकीय सेवा प्रदान करने वाले चिकित्सा कर्मियों को जहां सम्मानित किया गया। वहीं महामारी काल में जान गवांने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बीएचयू रेक्टर प्रो. वीके शुक्ल, चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. बीआर मित्तल, नोडल अफसर कोविड प्रो.केके गुप्ता,ट्रामा सेंटर के आचार्य प्रभारी प्रो. संजीव कुमार गुप्ता, चीफ प्राक्टर प्रो. आनंद चौधरी, छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह के अलावा चिकित्सकीय स्टाफ और सैन्य अफसर भी शामिल हुए। अस्पताल परिसर में सैन्य अफसरों का स्वागत संस्थान के निदेशक ने किया।
