लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा के थाना वृंदावन की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी जैत को उच्चीकृत कर नवीन थाना जैत और गाजियाबाद जिले के थाना सिहानी गेट के अन्तर्गत पुलिस थाना नन्दग्राम बनाये जाने के निर्देश दिये हैं। यह निर्णय इस क्षेत्र में शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराधों पर और अधिक प्रभावी तरीके से अंकुश लगाये जाने, महिलाओं एवं जन-सामान्य को और अधिक सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है।
अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने शनिवार को यह बताया कि प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना वृंदावन की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी जैत को उच्चीकृत कर नवीन थाना जैत तथा जनपद गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट के अन्तर्गत पुलिस थाना नन्दग्राम की स्थापना किये जाने का निर्णय लिया गया है। इसके संबंध में आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये है।
श्री अवस्थी ने बताया कि इन नवीन थानों में जनशक्ति पदों के सृजन आदि के संबंध में निर्देश पृथक से निर्गत किये जायेगें। इससे अधिक से अधिक आबादी की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरूस्त व सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
Submitted By: Deepak Varun Edited By: Deepak Yadav
