Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : सीआरपीएफ ने छात्रों को पढ़ाया देशभक्ति का पाठ, बताई...

UP News : सीआरपीएफ ने छात्रों को पढ़ाया देशभक्ति का पाठ, बताई शहीद वीर सपूतों की गाथा

-युवा छात्रों को सशस्त्र बलों में कॅरियर बनाने के लिए प्रेरित भी किया

वाराणसी (हि.स.)। 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अफसरों ने मंगलवार को रतनपुर डुमरी स्थित शैक्षणिक संस्था में छात्रों को देशभक्ति का पाठ पढ़ा शहीद वीर सपूतों की गाथा भी सुनाई। वीर शहीदों की गाथा सुन छात्र भी बेहद उत्साहित रहे। 
रामनगर क्षेत्र के डुमरी स्थित शाह एजुकेशन सेंटर और अल हनीफ एजुकेशन सेंटर में बटालियन के कमांडेंट नरेंद्र पाल सिंह ने युवा छात्रों को सीआरपीएफ के जवानों के कठिन जीवन और कार्य प्रणाली को बताया। कमांडेंट ने बच्चों को सरदार पोस्ट  हॉट स्प्रिंग एवं पुलवामा अटैक की भी जानकारी दी। जिससे बच्चों में देश भक्ति की भावना पैदा हो सके। देश के लिए प्यार और देश के लिए हर तरह की कठिनाइयों का सामना करने के लिए भावनाएं पैदा हो। 
उन्होंने बच्चों से कहा, देशभक्ति हमें अपने देश से प्यार करने और संपूर्ण मानवता को गले लगाना सिखाती है। यह लोगों को अपने राष्ट्र के प्रमुख कर्तव्यों का पालन करने की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति की भावना से तात्पर्य देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर खुशी की तलाश करना है और  हमें अपने देश के लिए हमारे सार्थक कदमों को आगे बढ़ाने में सक्षम बनाता है। उन्होंने कहा कि जवान गर्मी, सर्दी, बारिश की परवाह न करते हुए सीमाओं पर हमारी रक्षा करते हैं। ताकि कोई भी दुश्मन हमारे भारत की ओर बुरी निगाह से न देख सके। उन्होेंने शहीदों को याद करते हुए कहा कि इन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम इन शहीदों की तरह ही देश सेवा की भावना और प्रेरणा अपने अंदर पैदा करें। उन्होंने छात्रों से सशस्त्र बलों में कॅरियर चुनने का सुझाव भी दिया और भर्ती प्रक्रिया के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। 
कमांडेंट ने छात्रों के प्रश्नों का जवाब भी दिया। दोनों संस्थाओं के प्रधानाचार्य ने कमांडेंट सहित अन्य अफसरों और जवानों का स्वागत किया। सीआरपीएफ के जवानों ने दोनों विद्यालय परिसर में सोडियम हाइपोक्लोराइट की घोल से छिड़काव कर सैनिटाइजेशन भी किया। और छात्रों को कोविड प्रोटोकाल के पालन के लिए प्रेरित भी किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular