Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : साधु के भेष में आये चोर ने की मंदिर...

UP News : साधु के भेष में आये चोर ने की मंदिर के दान पात्र से चोरी

फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना दक्षिण क्षेत्र अन्तर्गत साधु के भेष में आए चोर ने बुधवार देर रात एक मंदिर के दान पात्र से चोरी कर ली। गुरूवार को जानकारी के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है।

थाना दक्षिण क्षेत्र के कटरा पठानान स्थित एक मंदिर में बुधवार देर रात साधू के भेष में आये एक चोर ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। गुरूवार को जब मंदिर के पुजारी वहां पहुंचे तो वह दृश्य देखकर हैरान रह गए। दानपात्र उल्टा पड़ा था और वह पूरी तरह खाली था। मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। 
पुजारी द्वारा घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पुजारी से घटना की जानकारी ली है। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी को देखा तो उसमें साधु के भेष में आया एक चोर दानपात्र से पैसे बटोरता हुआ दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी में दिखे साधु के बारे में जानकारी करने के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular