रायबरेली(हि.स.)। आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति कार्यक्रम 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी ‘युग प्रेरक सम्मान’ पटना की प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता व साइकिल वाली दीदी के नाम से मशहूर पद्मश्री सुधा वर्गीज को दिया जाएगा।
बुधवार को आचार्य द्विवेदी राष्ट्रीय स्मारक समिति के अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने बताया कि फिरोज गांधी कालेज सभागार में 21 नवंबर को शाम 5:00 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 40 वर्ष बाद पुनः प्रकाशित हुई सरस्वती के संपादक प्रोफ़ेसर देवेंद्र शुक्ला एवं सहायक संपादक अनुपम परिहार को डॉक्टर राम मनोहर त्रिपाठी लोक सेवा सम्मान नवाजा जाएगा।
फिल्म गीतकार एवं अमेठी के निवासी मनोज मुंतशिर का नागरिक अभिनंदन होगा। प्रभाष जोशी स्मृति पत्रकारिता सम्मान जनसत्ता नई दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार प्रेम प्रकाश को प्रदान किया जाएगा। शिवानंद मिश्र लाले सम्मान यूपी बोर्ड की इंटर की परीक्षा में जिले में टॉप करने वाली बाल विद्या मंदिर गंगागंज की मेधावी छात्रा अर्चना कुमारी को प्रदान किया जाएगा।
इलाहाबाद के वरिष्ठ नाटककार एवं लेखक नरेश मिश्र का विशेष अभिनंदन होगा। समिति के महामंत्री अनिल मिश्र ने बताया कि 22 वर्षों से आचार्य द्विवेदी की स्मृतियों को संरक्षित करने का कार्य समिति कर रही है।
समिति के महामंत्री अनिल मिश्र ने बताया कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए विशेष सावधानी बरती जा रही है। कार्यक्रम में काव्य समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कवियत्री श्रीमती सरिता शर्मा वीर रस के कवि गजेंद्र सोलंकी, गीतकार श्रीमती पद्मिनी शर्मा और लखनऊ से युवा कवि रामायण धर द्विवेदी प्रतिभाग करेंगे।
