प्रयागराज (हि.स.)। सूबे की पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं इलाहाबाद की सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी के छह वर्षीय पोती के निधन की खबर मिलते ही मंगलवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल नन्दी समेत भाजपा के अन्य नेता उनके मेन्टो रोड आवास पर संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।
सांसद प्रो.रीता बहुगुणा जोशी की छह वर्षीय पोती ‘किया’ अपने मां के साथ प्रयागराज में स्थित पुनप्प मार्ग ननिहाल गई थी। जहां सोमवार शाम छत पर बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी बीच अचानक पटाखे से उसके कपड़े में आग लग गई, जिससे वह गम्भीर रूप से झुलस गई। हालांकि उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार चल रहा था। बच्ची की हालत नाजुक होने की वजह से सांसद ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता की। इसके बाद उसे मंगलवार सुबह एयर एम्बुलेंस से दिल्ली स्थित एक मिलिट्री अस्पताल में ले जाया जाता। लेकिन, इसी बीच सुबह उसका निधन हो गया।
किया जोशी के पिता मयंक जोशी दिल्ली में ही थे। वहीं सुबह मासूम के निधन की खबर मिलते ही उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी, भाजपा विधायक नीलम करवरिया, पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह गौड़, फाफामऊ के विधायक विक्रमाजीत मौर्य, उनके आवास पर पहुंचे और सांत्वना दी।
सांसद रीता बहुगुणा जोशी के भाई विजय बहुगुणा जोशी भी पहुंचे। उनका बेटा दिल्ली से घर पहुंच चुका है। हृदय विदारक घटना ने लोगों के दिल को झकझोर दिया।
