गाजियाबाद(हि. स.)। मुरादनगर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर ही अपने पिता की हत्या करने वाले पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुत्र ने पुलिस को बताया कि उसका पिता पत्नी पर बुरी नजर रखता था, जिस कारण उसने घटना को अंजाम दिया।
मुरादनगर थाना क्षेत्र के शोभापुर गांव निवासी तेजेंद्र उर्फ तेजा त्यागी जलालपुर रोड स्थित त्रिमूर्ति विहार कालोनी में अपने दो बेटों के साथ रहते थे। तेजेंद्र खेती का काम देखते थे। जबकि, उनके बेटे निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। शनिवार की रात को तेजेंद्र अचानक लापता हो गए। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। तलाश करते हुए परिजन खेत पर पहुंचे, वहां उन्होंने तेजेंद्र त्यागी का शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजन उनको घर ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
इसी बीच परिवार के ही किसी व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी और तेजेंद्र त्यागी की हत्या होने की आशंका जताई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार की तैयारियों को रुकवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटना से जुड़े तमाम साक्ष्य जुटाए। तेजेंद्र के शरीर पर गहरी चोटों के निशान थे। देखने से लग रहा था कि उनकी किसी ने लाठी डंडों से ज्यादा पिटाई कर दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। रविवार शाम को मृतक के बड़े बेटे जितेंद्र ने अपने पिता की हत्या के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मृतक के बड़े जितेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कई पहलुओं पर जांच शुरु कर दी थी। शुरूआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा था। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक के छोटे बेटे नितेश त्यागी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि तेजेंद्र की छोटे बेटे से काफी दिनों से अनबन भी चल रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस हत्या में मृतक के बेटे नितेश त्यागी को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए नितेश त्यागी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका पिता उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था। एक दिन घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ जबरदस्ती अवैध संबंध बनाने का भी प्रयास किया था। जिसका महिला ने विरोध करते हुए सारी कहानी अपने पति को बताई थी। मृतक के पुत्र का कहना है कि उसने अपने पिता को कई बार समझाया था। लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
UP News : ससुर पुत्रवधु पर रखता था बुरी नजर, बेटे ने कर दिया कत्ल, गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
