मथुरा(हि.स.)। शहर के एक गहना व्यापारी से करोड़ों रुपए का छत्र बनवाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस मामले में नामजद उसका भाई फरार है। शुक्रवार को कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
मथुरा शहर के होलीगेट पर सोने, चांदी के जानेमाने व्यापारी कान्हा जेम्स एंड आर्ट गैलरी जीएम सर्राफ से लुधियाना निवासी ज्ञानेश्वर सूद और योगेश्वर सूद ने 2018 में उत्तराखण्ड स्थित भगवान बद्रीनाथ मंदिर के लिए करीब तीन किलो से अधिक सोने का हीरा व पन्ना से जड़ा छत्र बनवाया था। जिसकी कीमत करीब एक करोड़ 31 लाख रुपए थी।
दोनों भाई सर्राफा से इस छत्र को व्यापारी से ले गए और पैसे कुछ दिनों में देने की बात कही। 7 अप्रैल 2018 को लुधियाना में छत्र पूजन किया। इसके बाद 9 मई 2018 को बद्रीनाथ धाम में हीरे और माणिक से जड़े सोने के छत्र को भागवताचार्य पुण्डरीक महाराज के प्रवचनों के बाद श्रद्धाभाव से चढाया।
इसके कई माह बीत जाने के बाद भी दोनों भाइयों ने ज्वैलर्स प्रवीण कुमार का भुगतान नहीं किया। आखिरकार व्यापरी ने दोनों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। इस पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। तीन साल बीत जाने के बाद कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों में से एक योगेश्वर सूद को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि ज्वैलर्स से धोखाधड़ी के मामले में दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए। पुलिस ने दो आरोपियों में से एक योगेश्वर सूद को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने योगेश्वर सूद को जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
