वाराणसी (हि.स.)। लगातार बढ़ रहे ई-रिक्शा से रिक्शा चालकों के सामने रोजी रोटी का संकट गहराने लगा है। शुक्रवार को रिक्शा चालकों का एक जत्था जवाहर नगर एक्सटेंशन स्थित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय कार्यालय पर पहुंचा। कार्यालय में समूह में जा रहे रिक्शा चालकों को पुलिस ने रोक लिया तो उन्होंने अपना ज्ञापन भेलूपुर थाना प्रभारी को सौंप दिया और वापस लौट गये।
ज्ञापन सौंपने के पूर्व रिक्शा चालकों ने कहा कि पहले शहर में आटो चलने से उन्हें सवारी कम मिल रही थी। अब हजारों ई-रिक्शा चलने से भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार से वाराणसी आकर हमलोग किराये पर रिक्शा चलाते है। इससे हमारा और हमारे परिवार का जीविकोपार्जन होता है। रिक्शा चालकों ने प्रधानमंत्री से मांग किया कि उन्हें शहर का ऐसा इलाका दे दिया जाए जहा उन्हें आराम से सवारी मिल जाये।
