वाराणसी(हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की सोमवार को तीसरी पुण्यतिथि है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में भी विभिन्न संगठनों ने अटल जी को गोष्ठी और सोशल मीडिया के जरिये याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन ने भी आयोजित गोष्ठी में कोरोना प्रोटोकाल का पालन कर पूर्व प्रधानमंत्री के विशाल व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। इस दौरान गोष्ठी में समाजसेवी रूपेश पाण्डेय ने कहा कि अटल जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें केवल एक राजनेता के रूप में देखना, न्यायसंगत नहीं होगा। राजनीति में जहां विपक्ष भी उनकी श्रेष्ठता का कायल था। वहीं वैश्विक स्तर पर उनकी पहचान सर्व समावेशी राजनीति के प्रतिष्ठा पुरुष के रूप में थी।
गोष्ठी में बनारस बार के पूर्व प्रत्याशी अधिवक्ता प्रदीप राय ने कहा कि भारत में आज जो ढांचागत विकास दिखाई दे रहा है, उसके पीछे अटल जी की सोच काम कर रही है।
सभा की अध्यक्षता कर बार के अध्यक्ष अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह ने कहा कि अटलजी को याद कर हम खुद को धन्य कर रहे हैं। वे ऐसे महापुरुष हैं जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम का शुभारंभ अटलजी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर के किया गया।
कार्यक्रम में बार के उपाध्यक्ष श्रवण कुमार,पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष प्रिय शिलानंद, पूर्व सचिव अजय सिंह, पूर्व सचिव अरविंद कुमार चौरसिया, वरिष्ठ अधिवक्ता जय जय शंकर दुबे, कमलेश यादव बब्बन पांडे, लवकुश सिंह, ज्योति सिंह आदि ने विचार रखा। अटल स्मृति सभा का आयोजन दीनदयाल उपाध्याय सेवा प्रतिष्ठान के स्थानीय संयोजक, अधिवक्ता विनयकांत मिश्र ने किया। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने
लक्ष्मीकुंड स्थित समाधान पार्क में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की री पुण्यतिथि मनाई । इस दौरान मोर्चा के काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल ने अटल जी के बहुआयामी व्यक्तित्व को याद किया। अनूप ने अटल जी को एक पत्रकार,राष्ट्रवादी कवि,व राजनैतिक जीवन संघर्ष को बताया। सभा में कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट तक मौन धारण कर उन्हें नमन किया। इसमें सोमनाथ विश्वकर्मा, ओमप्रकाश यादव बाबू , कुलदीप गोंड, मंगलेश जायसवाल, मनीष चौरसिया, कन्हैया सेठ, धीरेन्द्र शर्मा, प्रदीप जायसवाल, बाबूलाल मौर्य, दयाशंकर गुप्ता आदि शामिल रहे।
