Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को हो रहा...

UP News : सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को हो रहा प्राप्त-आशुतोष टंडन

-अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक रेंज सहित 16 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित 

वाराणसी(हि.स.)। प्रदेश के नगर विकास एवं जनपद के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ने गणतंत्र दिवस पर मंगलवार को देश के लोकतंत्र और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को मिल रहा है। वहीं आज हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में दुनिया में स्थापित हैं। यह हमारे लोकतंत्र की खूबी है कि सामान्य परिवार से निकले हुए लोग भी देश के सर्वोच्च पदों पर पहुंचे और राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बने। 
नगर विकास मंत्री पुलिस लाइन मैदान में आयोजित समारोह में पूरे सम्मान के साथ ध्वजारोहण कर भव्य पुलिस परेड की सलामी लेने के बाद उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में नगर के प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को माल्यार्पण कर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। 
समारोह में ही मंत्री आशुतोष टंडन ने अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एवं पुलिस महानिरीक्षक रेंज सहित 16 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक को डीजीपी के प्रशंसा चिह्न प्लैटिनम और क्राइम ब्रांच प्रभारी अश्वनी पांडेय को डीजीपी के प्रशंसा चिह्न स्वर्ण से सम्मानित किया। 
इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे साथ जो अलग देश बना था। वह अपने को गणतंत्र के रूप में अक्षुण्ण नहीं रख सके। कितनी बार उन्हें तानाशाही सहना पड़ा और वहां सैन्य शासन रहा। 
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारे लोकतंत्र की यह खूबी है कि जो 26 जनवरी 1950 को हमारे संविधान ने हमें प्रदान की, वह दिन-प्रतिदिन हमारा गणतंत्र और मजबूत होता जा रहा है। तमाम उतार-चढ़ाव आए। एक समय ऐसा आया कि देश में इमरजेंसी लग गई। लेकिन, यह हमारे गणतंत्र की खूबी थी कि जिन्होंने इमरजेंसी लगाई थी और जब जनता को मतदान का अवसर मिला तो जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद दूसरी सरकार आयी। तमाम दलों की मिलकर वह सरकार बनी, लेकिन कुछ दिनों में जनता का मोहभंग हो गया और वह भी जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे तथा जनता ने उन्हें भी बाहर का रास्ता दिखाया। 
नगर विकास मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद में वोटिंग के दौरान एक वोट से उनकी सरकार गिर गई। लेकिन अटल जी ने उस दौरान जो कहा वह इतिहास के पन्ने पर दर्ज हो गया। उन्होंने कहा कि एक वोट का प्रबंध करना हमारे लिए कोई दुरुह कार्य नहीं था, लेकिन हमने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मान्यता दी और हम जनता के बीच जाएंगे और वे जनता के बीच गए तथा जनता ने उन्हें प्रचंड बहुमत के साथ पुनः भेजा, यह हमारे लोकतंत्र की खूबी है। 
मंत्री आशुतोष टंडन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चर्चा करते हुए कहा कि देश के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री व दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नेतृत्व जिनके रूप में हमें और देश को प्राप्त हुआ। उनके बारे में भी सब जानते हैं कि वह कहां से कहां तक पहुंचे और उनकी पृष्ठभूमि क्या रही है वह भी एक सामान्य परिवार से निकले हुए हैं।    
Submitted By: Shreedhar Tripathi Edited By: Sanjay Singh Fartyal

RELATED ARTICLES

Most Popular