Monday, March 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : सरयू में नाव पलटी, पांच की मौत, 10 लापता

UP News : सरयू में नाव पलटी, पांच की मौत, 10 लापता

प्रादेशिक डेस्क

गोरखपुर। देवरिया जिले में बुधवार की शाम सरयू नदी में नांव पलटने से तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। करीब 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के शिकार लोग मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के चक्की मूसाडोही गांव के रहने वाले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के ग्रामीण अक्सर मईल के तेलिया कला में बाजार करने आते-जाते हैं। इन दिनों सरयू नदी अपने उफान पर है। बुधवार की शाम करीब छह बजे मधुबन के चक्की मूसाडोही गांव के करीब 15 ग्रामीण एक डोंगी नाव से बाजार करने तेलिया कला आ रहे थे। बीच मझधार में नाव एकाएक अनियंत्रित हो गई। नाविक ने उसे नियंत्रित करने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन असफल रहा और नाव समेत सभी सवार डूब गए। किनारे पर मौजूद कुछ लोगों ने देख कर शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लोगों को बचाने का प्रयास करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मईल के थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि तीन बच्चे और दो महिलाओं का शव बरामद हुआ है। करीब 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। गोताखोरों की मदद से गायब लोगों की तलाश की जा रही है।
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में नाव पलटने की दुर्घटना पर जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular