– लोहता में दोहरे हत्याकांड की सूचना पर मौके पर पहुंचे अफसर
वाराणसी(हि.स.)। लोहता थाना क्षेत्र के रहीमपुर नई बस्ती में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नई बस्ती में संपत्ति के विवाद में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वारदात की सूचना पाते ही क्षेत्रीय पुलिस के साथ कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीणों के अनुसार नई बस्ती निवासी मुन्ना (40) का अपने छोटे भाई निसार (35) के साथ कई माह से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। सुबह भी इसी मसले पर दोनों भाइयों में कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी गाली-गलौज के बाद मारपीट में बदल गई। इसी दौरान मुन्ना अपने कमरे से चाकू लाया और छोटे भाई निसार पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव में जब उसकी पत्नी खुश्बू (30) आई तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से कई वार किए। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। चीखपुकार और शोरगुल सुनकर जब तक लोग पहुंचते तब तक दोनों की मौत हो गई।
यह देख आरोपी गांव से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। दोहरे हत्याकांड से गांव में भी लोग स्तब्ध हैं।
