लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद पांडेय ने मंगलवार को सिद्धार्थनगर जिले से जनसंदेश साइकिल यात्रा को लखनऊ के लिए रवाना किया। साइकिल यात्रा को लेकर निकले लालजी यादव और उनके युवा साथी बुधवार को लखनऊ पहुंचेंगे।
जनसंदेश यात्रा के माध्यम से समाजवादी पार्टी के युवाओं में जोश भरने की तैयारी की जा रही है। यात्रा में जगह जगह पर युवा अपने साइकिल के साथ जुड़ते जाएंगें। यात्रा के साथ चल रहे युवा रात्रि पहर दो जगहों पर रुकेंगे और फिर लखनऊ आएंगें। लखनऊ में यह यात्रा प्रदेश कार्यालय के बाहर समाप्त होगी।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल माता प्रसाद इस यात्रा के माध्यम से विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर युवाओं को तैयार करना चाहते हैं। इसके लिए समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को गिनाने और जनता का ध्यान विकास कार्यों पर आकर्षित करने की तैयारी हो रही है। बता दें कि वर्ष 2016 में भी समाजवादी पार्टी ने जनसंदेश साइकिल यात्रा का आयोजन किया था, जो क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित थी।
