Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : सपा का उपचुनाव के मतदान में धांधली के...

UP News : सपा का उपचुनाव के मतदान में धांधली के बावजूद जीत का दावा

कहा, सत्तारूढ़ ने अपनी हार का संकेत पाकर मतदाताओं का उत्पीड़न कर दिया शुरू 
लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में सात विधानसभा क्षेत्रों में आज हुए उपचुनाव को लेकर दावा किया कि सभी जगह प्रबुद्ध मतदाताओं ने सत्तारूढ़ भाजपा के तमाम हथकंडों और दबावों को नकारते हुए पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया। मतदाताओं के रुझान से समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित हो गई है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि हालांकि मतदाता समाजवादी के पक्ष में मतदान के लिए सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर लाइन में लग गए थे। लेकिन, कई स्थानों पर धांधली कर उनके उत्साह पर पानी फेरने के प्रयास किए गए। सत्तादल ने अपनी हार का संकेत पाकर मतदाताओं का उत्पीड़न शुरू कर दिया है। अमरोहा की नौगवां सादात विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान वोटरों पर पुलिस का लाठीचार्ज सत्तापक्ष को सामने दिख रही हार के बाद जनता पर किया वार है।
उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल ने चुनाव में आज धांधलेगर्दी की हद कर दी है। कहीं ईवीएम मशीन में गड़बड़ी रही, कहीं सपा काकर्ताओं का खुलेआम उत्पीड़न हुआ। कई पुलिस कर्मी, ठेकेदार सत्तादल के प्रचारक की भूमिका में नज़र आए। चुनाव आयोग को इन सभी शिकायतों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं के अनुसार कई मतदान केन्द्रों पर थर्मल स्कैनिंग के बहाने पीठासीन अधिकारी द्वारा 30 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं को मतदान से वंचित किया गया। कई मतदान केन्द्रों पर ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान बाधित हुआ।     चौधरी ने कहा कि नौगवां सादात के बूथ संख्या 83 पर भाजपा के इशारे पर समाजवादी जिला उपाध्यक्ष जुबैर खान को थाना रजापुर की पुलिस ने प्रातः नाहक बिठा रखा। चुनाव की निष्पक्षता का यह मजाक है। विधान सभा क्षेत्र 337 देवरिया सदर के बूथ संख्या 252, 253 नई सब्जीमण्डी पर ‘राष्ट्रीय फूल कमल का फूल‘ बड़ा स्लोगन लिखा था और कमल का निशान भी बना था, जिसे मिटाया नहीं गया। जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 07, 7अ और बिरसादपुर में फर्जी मतदान कराए जाने की शिकायतें मिली है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह जनपद अमरोहा के विधानसभा क्षेत्र नौगवां सादात के बूथ संख्या 234 एसएम इंटर कालेज पर तीन सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। बूथ संख्या 282 सैदपुर ईमा पर बसपा उम्मीदवार की पत्नी बूथ कैप्चरिंग करती मिली। कोटीपुरा बूथ पर भाजपा के एक मंत्री के पिता और दियाली जागीर बूथ पर भाजपा विधायक की मौजूदगी में पुलिस ने लाठियां भांजी। एक महिला पुलिस पिटाई से जख्मी हो गई। बूथ संख्या 15 कन्या जूनियर हाईस्कूल पर पुलिस इंस्पेक्टर कमल सिंह अनावश्यक रूप से मतदाताओं को परेशान करते मिले।
उन्होंने कहा कि वहीं घाटमपुर (सुरक्षित) सीट पर बूथ संख्या 231 प्राथमिक पाठशाला धर्मपुर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने सभी मतदान अभिकर्ताओं को मतदान केन्द्र से बाहर कर दिया। यहां सभी मतदान अधिकारी भाजपा उम्मीदवार के सहकर्मी हैं जो एक ही विद्यालय में अध्यापक हैं। घाटमपुर (सुरक्षित) में ही बूथ संख्या 256, 257, 258, 259, 260 सजेती पर सपा के मतदान अभिकर्ता ही मतदान अधिकारी ने नहीं बनाए। उन्नाव की बांगरमऊ के बूथ संख्या 108 पर इंक लगा रहा अधिकारी मतदाताओं को तीन नम्बर वाले चुनाव निशान का वोट दबाने को इंगित कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular