मेरठ (हि.स.)। किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर में रविवार की देर रात कार-ट्रक भिड़ंत में 02 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 02 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना को अंजाम देकर चालक ट्रक को छोड़कर भाग निकला।
शाहजहांपुर निवासी रईस की बहन गुलिस्ता की बेटी रविवार की रात को छत से गिर गई। परिजन उसे लेकर मेरठ के अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। कुछ लोग घायल बच्ची को लेकर दिल्ली चले गए और रईस, उसकी पत्नी रुखसाना, मां फातिमा, गुलिस्ता और एक अन्य व्यक्ति आधी रात को मेरठ से कार द्वारा लौट रहे थे। शाहजहांपुर में गढ़ रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में फातिमा और रुखसाना की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रईस समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां रईस की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को अंजाम देकर चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। सोमवार को परिजनों की तहरीर पर आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
