प्रयागराज (हि.स.)। जिलाधिकारी ने संगम क्षेत्र में वर्ष पर्यंत सुविधा के दृष्टिगत सोमवार को बैठक में सेना की भूमि को छोड़कर अन्य भूमि पर मूलभूत अवसंरचना विकसित करने पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया।
संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों की वर्ष पर्यंत सुविधा के दृष्टिगत डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने मेला प्राधिकरण कार्यालय में बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को मेला प्राधिकरण द्वारा वर्ष पर्यंत किए जाने वाले कार्यों की योजना बनाने का निर्देश देते हुए संगम क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से तैयार करने को कहा।
उन्होंने अक्षयवट मार्ग तथा संगम अपर मार्ग पर वर्ष पर्यंत बिजली, पानी, पुलिस बल की उपस्थिति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। कहा कि संगम तक सड़क एवं बिजली की व्यवस्था होने से श्रद्धालु, तीर्थयात्री एवं पर्यटक वहां तक निर्विघ्न जा सकेंगे तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाने में भी आसानी होगी।
जिलाधिकारी ने संगम क्षेत्र में मेला अवधि छोड़ शेष अवधि में आने वाले श्रद्धालुओं-पर्यटकों को संगम स्नान एवं देव दर्शन के साथ-साथ अन्य सुविधाओं को बेहतर रूप में उपलब्ध कराने के दृष्टिगत सेना की भूमि को छोड़कर अन्य भूमि पर मूलभूत अवसंरचना विकसित करने पर भी चर्चा की।
माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व के साथ ही कल्पवास समाप्त हो गया है। अतः उन्होंने अधिकारियों को मेले से जुड़े सभी वेंडर्स का ससमय भुगतान करने को भी कहा। बैठक में प्रभारी अधिकारी माघ मेला विवेक चतुर्वेदी, प्रबंधक मेला प्राधिकरण विवेक शुक्ला, डॉ. ठाकुर, डॉ. विमलेदु शेखर तथा अन्य कई अधिकारी उपस्थित रहे।
