वाराणसी (हि.स.)। मध्य कश्मीर के श्रीनगर के बाहरी इलाके में गश्त कर रहे सेना की क्विक रियक्शन टीम पर आतंकी हमला को देख वाराणसी कैंट स्टेशन पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
गुरुवार अपराह्न कैंट स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया में जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया गया। जीआरपी,आरपीएफ और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। यात्रियों के सामानों की भी सघन तलाशी ली गई। स्टेशन परिसर और बाहर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पूर्व में स्टेशन पर हुए आतंकी हमले को देख रेलवे सुरक्षा बल अधिक सतर्क है।
शहर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देख स्टेशन परिसर और सर्कुलेटिंग एरिया में रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षा का घेरा भी बढ़ा दिया है। जवान और डॉग स्क्वायड की टीम भी संदिग्ध लोगों के साथ लावारिश सामानों पर निगहबानी कर रही है। मिर्ज़ापुर का बम डिस्पोजल दस्ता भी स्टेशन पर अलर्ट है।
