-पुलिस ने आरोपित नाबालिग को हिरासत में लिया
हमीरपुर (हि. स.)। सुमेरपुर क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को शोहदे की छेड़खानी से परेशान कक्षा नौवीं छात्रा ने अपने घर में खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत बिगड़ने पर छात्रा को कानपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया है।
मामला सुमेरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां शोहदे के खिलाफ कार्यवाही नहीं किये जाने से क्षुब्ध कक्षा नौवीं की छात्रा ने अपने घर के अंदर केरोसिन छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गयी। आनन-फानन परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल लाये, जहां डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया है।
सुमेरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि आरोपित युवक नाबालिग है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि होली पर्व पर सोमवार को पीड़ित छात्रा की मां, भाई और मामा ने आरोपित युवक को पकड़कर मारापीटा था। तब गांव में पुलिस मौजूद थी और ऐसा न करने के लिये उन्हें मना किया गया था। बताया कि आज लड़की ने अपने घर पर आग लगा ली है, मामले की जांच करायी जा रही है।
घटना की सूचना पाते ही सीओ सदर और मजिस्ट्रेट सदर अस्पताल पहुंचे। आग से झुलसी छात्रा और मां से घटना के बारे में जानकारी की। बयान दर्ज किये गयेे है। सीओ सदर अनुराग सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गांव में दो पक्षों में मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जानकारी की तो पता चला कि लड़की के परिजनों ने एक लड़के को पीटा है। परिजनों का आरोप था कि यह लड़का उनकी लड़की को परेशान करता है। उपनिरीक्षक ने तहरीर देने की बात कही तो लड़की के परिजनों ने मना कर दिया और कहा कि दोनों नाबालिग है। इन्हें समझा दीजिये। बताया कि आज लड़की ने अपने घर पर स्वयं आग लगा ली है। मामले की जांच करायी जा रही है। परिजनों की तरफ से तहरीर आते ही वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
UP News : शोहदे से परेशान नौवीं की छात्रा ने खुद को लगाई आग, भर्ती
RELATED ARTICLES
