मेरठ (हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बदमाशों ने शादी में गए एक ट्रेवल एजेंसी संचालक के घर से लाखों रुपये की चोरी कर ली। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
सूरजकुंड आर्य नगर निवासी अतुल गुप्ता की इंदिरा चौक पर कावेरी ट्रेवल एजेंसी है। अतुल के मुताबिक, 28 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ मुजफ्फरनगर में एक शादी में शामिल होने के लिए गए थे।
सोमवार की सुबह अतुल वापस लौटे तो घर का चैनल टूटा देख उनके होश उड़ गए। भीतर कमरे में जाकर देखा तो घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था और कमरों की अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
अतुल ने बताया कि बदमाश करीब पांच लाख का कैश और लाखों की ज्वेलरी चुरा कर ले गए। परिजनों से तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
