Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : शहादत दिवस पर महात्मा गांधी को याद किया गया,...

UP News : शहादत दिवस पर महात्मा गांधी को याद किया गया, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रखा उपवास

वाराणसी (हि.स.)। महात्मा गांधी (बापू) के शहादत दिवस पर शनिवार को उन्हें याद किया गया। शहर में जगह-जगह गोष्ठी का आयोजन कर बापू के व्यक्तित्व और कृतित्व का उल्लेख कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान लोगों ने बापू के बताए गए सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया। 
मैदागिन स्थित टाउन हॉल मैदान में जुटे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बापू के मूर्ति पर माल्यार्पण कर उपवास रखा। इस दौरान सत्याग्रह पर बैठे कार्यकर्ता राम धुन भी गुनगुनाते रहे। इसमें पूर्व विधायक अजय राय , सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पांडेय,जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, डॉ जितेंद्र सेठ, दुर्गा प्रसाद गुप्ता आदि शामिल रहे। 
इसी तरह इंगलिशिया लाइन स्थित कमलापति त्रिपाठी फाउंडेशन के सभागार में जुटे कार्यकताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को गोष्ठी में भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वैष्णव जन तो तेने कहिये जे पीर पराई जाने  रे, ईश्वर  अल्ला  तेरो नाम सबको सम्मति दे भगवान भजन के बाद गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी भारतीय स्वतंत्रता के राष्ट्रीय आन्दोलन के सबसे बड़े महानायक थे। जिनके नेतृत्व में स्वतंत्रता संघर्ष अपने निर्णायक मुकाम तक पहुंचा। उन्होंने सर्व धर्म समभाव और देश में सद्भाव एवं भाईचारे के लिए जीवन भर‌ काम किया और उन्हीं मूल्यों की रक्षा की वेदी पर अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। 
भारतीय स्वातंत्र्य के राष्ट्रीय आन्दोलन को पहली बार देशव्यापी राष्ट्रीय राजनीतिक लोकचेतना से जोड़ कर उन्होंने एक जनांदोलन का रूप दिया । इस तरह लोक मानस में भारतीय राष्ट्रवाद के विकास को परिपूर्णता प्रदान की। कृतज्ञ राष्ट्र उसे भुला नहीं सकता। 
गोष्ठी में वरिष्ठ नेता विजय शंकर पांडेय, बैजनाथ सिंह , पुनीत मिश्रा, राजीव गांधी स्टडी सर्किल के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो0 सतीश कुमार राय, विजयशंकर मेहता, शैलेन्द्र सिंह आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular