Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : शराब फैक्ट्री के लिए डिस्टलरी से चोरी हो रहा...

UP News : शराब फैक्ट्री के लिए डिस्टलरी से चोरी हो रहा था ईएनए, पांच गिरफ्तार

मेरठ (हि.स.)। जानी थाना क्षेत्र के बंद बीएड कॉलेज में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री के लिए डिस्टरी से ईएनए चुराया जा रहा था। शुक्रवार को जानी पुलिस और क्राइम ब्रांच ने ड्राइवर और क्लीनर सहित पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से भारी मात्रा में ईएनए और नकली शराब बनाने का सामान व दो कार भी बरामद हुई हैं।

जानी पुलिस ने 28 दिसम्बर को पेपला गांव स्थित बंद पड़े महेंद्र प्रताप बीएड कॉलेज में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया था। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। 
एसएसपी अजय साहनी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता में बताया कि जानी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बागपत फ्लाईओवर के पास स्विफ्ट डिजायर कार में सवार कन्हैया उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से आठ ड्रम ईएनए भी बरामद किया गया। कन्हैया से पूछताछ के बाद पुलिस ने बृजपाल उर्फ टुंडा लाला, वरदान उर्फ विक्रांत, अनुज और राजवीर को भी गिरफ्तार किया। इन चारों आरोपियों के पास से एक एसयूवी कार और टैंकर बरामद किया गया। एसएसपी के मुताबिक, राजवीर और अनुज डिस्टलरी के टैंकर पर चालक और क्लीनर हैं। यह दोनों आरोपित डिस्टलरी से ईएनए चुराकर उसे 20 हजार रुपए प्रति ड्रम के हिसाब से बेचा करते थे। जिसके बाद बृजपाल आठ हजार रुपए का मुनाफा कमा कर ड्रम को आगे बेच दिया करता था। पकड़े गए पांचों आरोपितों को जेल भेजा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular