Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : व्यापारी से दिनदहाड़े दो लाख रुपये की लूट

UP News : व्यापारी से दिनदहाड़े दो लाख रुपये की लूट

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यापारी से दो लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि व्यापारी बैंक से रुपये लेकर घर पहुंचा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
मामला महोली कोतवाली क्षेत्र का है। यहां नगर के मास्टर कॉलोनी पश्चिमी निवासी राजन गुप्ता पुत्र कृष्ण कुमार गुप्ता कस्बे में स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा में दोपहर को रुपये निकालने गए थे। राजन गुप्ता नगर में ही मैरिज हाल चलाते हैं। उनका मसाला व अगरबत्ती का भी व्यवसाय है। राजन गुप्ता दो लाख रुपये निकालकर मास्टर कॉलोनी स्थित अपने मकान पर पहुंचे और दरवाजे पर खड़े होकर घंटी बजाने लगे। तभी पीछे से बाइक पर सवार दो लुटेरे पहुंचे और पलक झपकते ही राजन के हाथ से रुपयों से भरा थैला छीनकर भाग निकले। घटना से सन्न राजन गुप्ता ने शोर मचाया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। राजन ने बताया कि लुटेरे बड़ागांव रोड की तरफ भागे हैं। वहीं, बैंक के शाखा प्रबंधक वीरेंद्र ने बताया कि लंच के बाद राजन ने दो लाख रुपये खाते से निकाले हैं। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि व्यापारी से पूछताछ की जा रही है। सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। छानबीन के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैंक शाखा से ही लुटेरे राजन गुप्ता का पीछा कर रहे थे। बैंक हाईवे पर है, यहां भीड़भाड़ रहती है। इस कारण लुटेरों को मौका नहीं मिला। व्यापारी जैसे ही मास्टर कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचा, पीछा कर रहे लुटेरे घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular