मेरठ (हि.स.)। रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मलियाना पुल पर सोमवार को बदमाशों ने एक व्यापारी के मुनीम की स्कूटी को टक्कर मारकर चार लाख रुपए लूट लिये। सूचना पर एसपी सिटी विनीत भटनागर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी कराई।
रेलवे रोड थाना क्षेत्र की केसरगंज मंडी में सदर बाजार निवासी चंद्रमोहन की दुकान है। सोमवार को उनका मुनीम सुरेंद्र निवासी कंकरखेड़ा ने भोला रोड के व्यापारी प्रमोद कुमार की दुकान से चार लाख रुपए और दो लाख का चेक लिया। सुरेंद्र ने चार लाख रुपए और दो लाख रुपए का चेक रखा और केसरगंज मंडी के लिए चल दिया। जब वह बागपत रोड स्थित मलियाना पुल के ऊपर पहुंचा तो पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी में टक्कर मार दी। सुरेंद्र के गिरते ही बदमाशों ने स्कूटी की डिग्गी से रखे चार लाख रुपए और चेक से भरा थैला लूट लिया। सुरेंद्र ने इस लूट की जानकारी प्रमोद को दी तो उसका बेटा बादल मौके पर पहुंच गया। सड़क पर गिरने से घायल सुरेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना पर एसपी सिटी विनीत भटनागर, एएसपी विवेक यादव और रेलवे रोड व टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी कराई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। एसपी सिटी का कहना है कि रेलवे रोड थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बदमाशों की तलाश के लिए दोनों थानों की पुलिस को जिम्मा सौंपा गया है। जल्दी ही उनका पता लगा लिया जाएगा।
