मेरठ (हि.स.)। सरधना में व्यापारी की हत्या के बाद रविवार को गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने शव को पुलिस चौकी के सामने रखकर जाम लगा दिया। घंटों चले हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी ने घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन देर जाम खुलवाया।
सरधना कस्बे के मौहल्ला जोगियान के रहने वाले व्यापारी दीपक पुत्र ओमपाल की शनिवार की देर रात पुलिस चैकी के निकट गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय दीपक अपने दोस्त सुमित के साथ जिम से वापस लौट रहा था। रविवार को का शव पोस्टमार्टम के बाद कस्बे में पहुंचा तो परिजन और क्षेत्रवासी भड़क उठे। परिजनों ने लोगों के साथ मृतक के शव को पुलिस चौकी के सामने रखकर जाम लगा दिया। परिजन एसएसपी और डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
सीओ सरधना आरपी शाही ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। घंटों चले हंगामे के दौरान मौके पर पहुंचे एसएसपी अजय साहनी ने परिजनों को घटना के जल्द से जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसएसपी के समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया।
