प्रयागराज(हि.स.)। विभिन्न कम्पनियों के नाम नकली आयल एवं चाय के कारोबार करने वाले जालसाज कारोबारी को झूंसी पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में नकली आयल एवं चाय बरामद किया। जिसकी कीमत लाखों में बतायी जा रही है।
उक्त जानकारी देते हुए मंगलवार की शाम अपर पुलिस अधीक्षक गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार अवैध कारोबारी झूंसी के बुढ़वा बाबा कटका गांव निवासी अशोक कुमार पुत्र सौदागर है। आरोपित नकली पैरासूट आयल, बजाज आलमण्ड, डाबर गुलाब जल, टाटा की खुली चाय और पैकेट में भर कर बेंचता था। जिससे इसकी लाखों की आमदनी होती थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के निर्देश पर जनपद नकली ब्रान्डो की विक्री पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी पंचम के नेतृत्व में झूंसी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रसाद एवं उनकी टीम लगी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर अशोक कुमार के गोदाम में छापामारा। जहां से पैरासूट जैसमीन आयल की 90 एमएल की भरी हुई 3116 शीशी बामद हुए, इसी तरह 6219 खाली शीशी, पैरासूट जैसमीन आयल का 3819 स्टीकर, 1201 ढक्कन, बजाज आलमण्ड आयल का नकली ब्राण्ड 50 एमएल का कूटरचित 16269 स्टीकर, 200एमएल की भरी हुई 980 शीशी आयल, इसके साथ ही 2409 खाली शीशी, 3021 ढक्कन, 2012 नकली स्टीकर बरामद किया गया। इसी तरह नकली डाबर गुलाब जल 60 एमएल की भरी हुई 1942 शीशी जल, गुलाब जल की खाली शीशी , कूटरचित 12019 स्टीकर, गुलाब जल का ढक्कन बरामद किया गया है। इसी तरह टाटा चाय की नकली ब्रान्ड की 50 ग्राम की 32602 पैकेट, 100 ग्राम के 1630 खाली पाउच, टाटा चाय खुली नकली ब्राण्ड चाय पत्ती 80 किलोग्राम ओर टाटा चाय की 100 ग्राम की नकली भरी हुई 1029 पाउच बरामद किया गया।
उक्त आरोपित के खिलाफ झूंसी थाने में कापी राइट एक्ट के साथ विभिन्न धाराओं में मंगलवार को मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की गई और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
