Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : विपक्षी पार्टियां किसानों में फैला रही भ्रम : गिरीशचन्द्र...

UP News : विपक्षी पार्टियां किसानों में फैला रही भ्रम : गिरीशचन्द्र यादव

आजमगढ़ (हि.स.)। किसान बिल के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी द्वार बुधवार को आयोजित किसान सम्मेलन में भाग लेने आये राज्यमंत्री आवास एवं शहरी नियोजन गिरीशचन्द्र यादव ने कहा कि विरोधी दल किसानों में भ्रम फैलाने के लिए षडयन्त्र रच रहें है, लेकिन उनका यह षडयंत्र काम नहीं आने वाला है। उन्होने आजमगढ़ से सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हमला बोलते हुए कहा कि सैफाई में महोत्सव कराकर, परिवारवाद लाकर अखिलेश यादव प्रदेश का विकास नहीं करा सकते। 

नगर के नेहरूहाल सभागार में किसान सम्मेलन में पहुंचे राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव का पार्टी कार्यकर्ता फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान उन्होने सम्मेलन में आये किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसानों के हितों के लिए ही केन्द्र सरकार किसान बिल लेकर आयी है। इससे किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टीयां केवल किसानों को गुमराह कर रही है। उस भ्रांतियों को दूर करने के लिए पार्टी जगह-जगह किसान सम्मेलनों का आयोजन कर किसानों को बिल से सम्बन्धित सभी बातों को ध्यान पूर्वक समझा रही है। लेकिन जो भी विपक्षी पार्टी बिल को लेकर षड़यंत्र रही है उनके मंसूबों पर पानी फिर जायेगा। 
उन्होंने कहा कि जब-जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है हमेशा किसानों के हितो के लिए लगातार काम किया है। उन्होने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि, किसान फसल बीमा, धान व गेहू की खरिद, गन्ना किसानों के बकाया आदि सब पर हमारी केन्द्र और प्रदेश की सरकार ने किसानों के हित के लिए काम किया है। विपक्षी दलों के पास कोई एजेंडा नहीं है इसलिए वे किसानों के बीच अब भ्रम फैलाने का काम कर रहे है। 
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व आजमगढ़ के सांसद अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि अखिलेश सैफई में तीन सौ करोड़ का महोत्सव कराते है। लेकिन यह बताये कि उन्होंने किसानों के लिए कितनी योजना लाये। उन्होंने कहा कि केन्द्र में मनमोहन सिंह की सरकार में अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने और बहुजन समाज पार्टी ने केन्द्र सरकार को समर्थन दिया था। उस समय स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट भी आ गयी थी। लेकिन न तो समर्थन मूल्य घोषित हुआ और न ही आयोग की रिपोर्ट पर किसी का ध्यान गया। लेकिन केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार बनने के बाद उन्होने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट पर ध्यान दिया। आज प्रदेश में धान 18.68 रूपये की दर से खरिदारी हो रही है। हमने किसानों के हित में काम किया है। 
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सैफाई में महोत्सव कराकर, परिवारवाद ला कर देश और प्रदेश का विकास नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि उनके पिता मुलायम सिंह यादव और वह खुद यहां के सांसद है, उन्होंने जिले में कितने विकास के कार्य किये हैं यह किसी से छिपा नहीं है। आज देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तमाम विकास के कार्य हो रहे हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular