बलिया (हि.स.)। बलिया में शनिवार को आम आदमी पार्टी के सदस्यता ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे आप के उप्र प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केन्द्र व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा कि विपक्षियों पर मुकदमे को योगी सरकार ने हथियार बनाया है। कहा कि आदित्यनाथ जी के चार साल पूरे हुए हैं। बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाओं, हाथरस कांड व कानपुर कांड का जिक्र करते हुए कहा कि चार साल पहले भाजपा ने नारा दिया था कि ना गुंडाराज ना भ्रष्टाचार लेकिन प्रदेश का अपराधीकरण बढ़ गया है। आज माफियाओं का राज है।
घोटाले हुए उजागर, नहीं मिल रहे रोजगारउन्होंने कहा कि कोरोना के समय में भी ऑक्सीमीटर के नाम पर घोटाला हुआ। अभी हर घर नल योजना में हजारों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार मैंने उजागर किया। दुर्भाग्यपूर्ण है कि नमामि गंगे में भ्रष्टाचार से पीड़ित होकर एक कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली। प्रदेश में रोजगार भी नहीं मिल रहे। वर्ष 2018 की ग्राम विकास अधिकारी की वेकेंसी कैंसिल कर दी गई, जिसके बाद दो बच्चों ने आत्महत्या कर ली है। ऐसी शर्मनाक स्थिति बनी हुई है कि महिला शिक्षामित्रों को सिर मुड़वाना पड़ता है। जो भी बेरोजगार सड़क पर निकल रहा है, उस पर लाठी चलाई जा रही है। योगी आदित्यनाथ ने विपक्षियों पर मुकदमे को हथियार बना लिया है। खुद मेरे ऊपर चौदह मुकदमे लिखे गए हैं। मैं संसद सदस्य हूं। मेरे ऊपर देशद्रोह का मुकदमा लगाया गया। हम लोग मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं।
पंचायत चुनाव से रखी जाएगी 2022 की नींवआप के उप्र प्रभारी संजय सिंह ने बलिया में कहा कि हम उत्तर प्रदेश की जनता को जगाएंगे और जिला पंचायत के चुनाव से इसकी शुरूआत करेंगे। आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेगी। यहीं से 2022 में विधानसभा चुनाव की नींव रखी जाएगी। जिसमें केजरीवाल के दिल्ली मॉडल बिजली फ्री, पानी फ्री, चिकित्सा फ्री और शिक्षा फ्री का प्रचार करेंगे।
सुभासपा से गठबंधन पर हुई सौहार्दपूर्ण बातचीतउप्र में अन्य पार्टियों से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी हमारा पूरा फोकस संगठन के निर्माण, जिला पंचायत के चुनाव और जनता के मुद्दों पर संघर्ष पर है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर से सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई है। अभी यह शुरुआती बातचीत है। गठबंधन होगा तो सबको पता चल जाएगा।कहा कि आज देश का हर वर्ग दुखी है। इसमें विपक्ष को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। देश स्तर पर विकल्प के तौर पर कौन नेता होगा यह जनता अपने विवेक से तय करेगी। बांग्लादेश दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बांग्लादेश के लिए संघर्ष के दौरान अपने सत्याग्रह को लेकर दिए बयान पर संजय सिंह ने कहा कि यह हास्यास्पद है। इसको सुनकर दसवीं कक्षा का बच्चा भी उन पर हंसेगा।
गैरसंवैधानिक बिल लाकर एलजी को सरकार से ऊपर बैठाने का किया कामउन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल जी की एक प्रचंड बहुमत से चुनी हुई सरकार है। जो एक बार 67 और दूसरी बार 62 सीट लाती है। नब्बे प्रतिशत से ज्यादा सीट पाने वाली केजरीवाल सरकार पर गैरसंवैधानिक बिल लाकर मोदी सरकार ने उसके ऊपर एलजी को बैठाने का काम किया। यह देश के लोकतांत्रिक व संसदीय इतिहास में इससे ज्यादा काला दिन कुछ नहीं था। जब इस बिल को संसद में पारित किया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से गैरसंवैधानिक बिल है। यह चुनी हुई सरकार का गला घोंटने का काम किया गया है। इससे सरकार ने साबित कर दिया कि केजरीवाल और दिल्ली मॉडल से डर लगता है। कहा कि हम गुजरात में बढ़ रहे हैं। पंजाब में हम सरकार बनाने जा रहे हैं। इससे ये लोग डरे हुए हैं। इसलिए बिल लाकर चुनी हुई सरकार का गला घोंटा जा रहा है।
गवर्नर मतलब गवर्नमेंट संजय सिंह ने कहा कि इस बिल के जरिए मोदी सरकार ने एक नई परम्परा शुरू कर दी है। जहां भी विपक्ष की सरकार होगी, वहां दिल्ली की तरह कह देंगे ‘गवर्नर मतलब गवर्नमेंट।’ कल को ये लोग बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरला में भी कह देंगे ‘गवर्नर मतलब गवर्नमेंट’। जनता के वोट का कोई अधिकार और ताकत नहीं बची है। इसका तमाम विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली को लेकर लाए गए बिल के कानूनी पहलुओं पर भी विचार कर रही है। अभी इस बिल पर राष्ट्रपति के दस्तखत नहीं हुए हैं।
देश में चल रही ‘कपूत सरकार’कृषि बिल को लेकर चल रहे किसानों के आन्दोलन पर भी संजय सिंह ने केन्द्र सरकार पर खुलकर आरोप लगाए। सवाल करते हुए कहा कि चार महीने से किसान सड़क पर बैठा है। पीएम ने डेढ़ महीने पहले कहा कि एक कॉल की दूरी हम हैं। क्या उनसे आज तक एक कॉल पूरी नहीं हो पायी ? कहा कि सरकार किसानों के मुद्दे का समाधान इसलिए नहीं हो है कि ये बिल अडानी और अम्बानी जैसे चंद पूंजीपतियों के लिए लाया गया है। उनके चंदे से भाजपा चलती है। उनके हवाई जहाज से भाजपा के नेता चलते हैं। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि इस बिल में असीमित भण्डारण की छूट है।
कालाबाजारी, जमाखोरी और महंगाई को वैधता प्रदान कीआप सांसद ने कहा कि इससे देश में कालाबाजारी, जमाखोरी और महंगाई को वैधता प्रदान की गई है। इसमें कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की बात की गई है। जिससे पूंजीपति किसानों से खेत लेकर उससे अपना माल बनाएंगे और उसके खेत पर कब्जा करेंगे। इस बिल में एमएसपी की गारंटी की कहीं कोई व्यवस्था नहीं है। देश के अंदर मंडियां खत्म हो जाएंगी। इसके अलावा केंद्र सरकार का इस बार का बजट भी जनता को रुलाने वाला बजट था। उन्होंने कहा कि देश के 130 करोड़ लोगों की सम्पत्तियां रेल, एयरपोर्ट, पोर्ट, सेल, कोल इंडिया, बीपीसीएल, सड़क, बिजली, पानी, एफसीआई के गोदाम और स्टेडियम बेचे जा रहे हैं। पूरा हिन्दुस्तान बेचा जा रहा है। बोले, जो लोग बाप-दादा की सम्पत्ति को बढ़ाते हैं, वो सपूत कहलाते हैं। जो बेचते हैं, वो कपूत कहलाते हैं। देश में इस वक्त कपूत सरकार चल रही है। इस अवसर पर पूर्वांचल प्रभारी अनूप पाण्डेय ने कहा कि आम आदमी पार्टी का कारवां जिस तरह से बढ़ रहा है, 2022 में यूपी में सरकार बननी तय है। कार्यक्रम के आयोजक संजय राय ‘मुन्ना’ व आप कार्यकर्ताओं ने संजय सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
UP News : विपक्षियों पर मुकदमे को योगी सरकार ने हथियार बनाया: संजय सिंह
RELATED ARTICLES
