रायबरेली (हि.स.)। विधायक के गुर्गों ने रविवार की शाम टोल प्लाजा के कर्मचारियों को टोल मांगने पर जमकर पीटा। गुर्गों की यह करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई।
दबंगई की इस घटना के समय विधायक भी उस मौजूद थे और उन्होंने भी कर्मचारियों को धमकी दी थी। लखनऊ प्रायगराज राजमार्ग पर बछरांवा टोल प्लाजा पर बछरांवा विधायक राम नरेश रावत की गाड़ियां निकल रही थी। कर्मचारियों ने जब उनसे टोल मांगा तो गाड़ियों से विधायक के गुर्गे बाहर निकल आये और गाली गलौज करने लगे। जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो केबिन में घुसकर कर्मचारियों को पीटने लगे।
बताया जाता है कि विधायक भी घटना के समय वहां पर मौजूद थे और उन्होंने भी कर्मचारियों से अभद्रता की। दबंगई की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि इस दौरान निगोहां पुलिस के सिपाही भी मौजूद थे लेकिन वह मूकदर्शक बने रहे।
बछरांवा टोल प्लाजा के मैनेजर धीरज श्रीवास्तव ने घटना की बाबत निगोहां थाने में घटना की तहरीर दी है। टोल के मैनेजर ने बताया कि कुछ दिन पहले बछरांवा विधायक के लेटर हेड पर ढाई सौ वाहनों की लिस्ट भेजी गई थी, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में छूट नियमावली में नहीं है, जिससे जब इस बाबत असमर्थता जताई गई तो वह लोग आक्रोशित हो गए और दबंगों ने कर्मचारियों को पीटा और गाली गलौज किया।
