– मुस्लिम भी कर रहे राममंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण
वाराणसी (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केन्द्रीय उपाध्यक्ष व श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को कहा कि मोदी सरकार की देशभक्ति के प्रति पूर्ण रूप से आश्वस्त हूं। यह सरकार विदेशियों के इशारे पर नहीं चलती। मोदी सरकार देशभक्तों की सरकार है। किसानों के लिए हितकर और उन्हें सरंक्षण देने वाली सरकार है।
अयोध्या में जन्मस्थान पर भव्य राममंदिर निर्माण के लिए न्यास के चल रहे निधि समर्पण अभियान के सिलसिले में शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे श्री चंपत नये कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन से जुड़े मीडिया के सवालों का जबाब दे रहे थे। राममंदिर निर्माण पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि ‘निधि समर्पण अभियान’ में हिंदुओें के साथ मुस्लिम बंधु भी स्वयं आगे आकर निधि समर्पण कर रहे हैं।
काशी-मथुरा से जुड़े सवाल पर विहिप नेता ने कहा कि इस बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी मामले में याचिकाओं की बढ़ रही संख्या पर उन्होंने कहा कि अयोध्या में 26 प्रतिवाद दाखिल थे। यह अच्छा है कि प्रतिवादी बढ़ रहे हैं। इस मामले में विहिप के याचिका दाखिल करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में हमने सोचा नहीं है।
शहर में विहिप नेता रोहनिया शाहावाबाद स्थित जालान होलसेल बाजार में पहुंचे। यहां के कर्मचारियों से 503140 रुपये की समर्पण राशि लेने के बाद उनसे सीधा संवाद भी किया। मंदिर निर्माण के लिए कर्मचारियों के श्रद्धाभाव की महासचिव ने जमकर सराहना की।
उन्होंने बताया कि निधि समर्पण अभियान में समर्पण राशि देने वालों का नाम भी नहीं लिखा जायेगा। किसने कितना दिया, ये भी मायने नहीं रखता। भगवान के घर में सब समान है।
