Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : वाहन चोर गिरोह का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार

UP News : वाहन चोर गिरोह का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार

मेरठ (हि.स.)। लालकुर्ती पुलिस ने गुरुवार को वाहन चोर गिरोह का खुलासा करके दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से कई चोरी के वाहन और हथियार बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए बदमाश अब तक चोरी के दर्जनों वाहनों को सोतीगंज में ठिकाने लगा चुके हैं।

एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि एक सूचना पर टेलीफोन एक्सचेंज के निकट पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन अलग-अलग बाइकों पर सवार बदमाशों को रोका। इस दौरान एक बदमाश की बाइक स्लिप हो गई और वह पैदल ही मौके से फरार हो गया। जबकि दो बदमाशों को तीन बाइक सहित दबोच लिया गया। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की दो अन्य बाइक और एक स्कूटी भी बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम सुमित उर्फ सोनू उर्फ अनिल निवासी किना नगर भावनपुर और नितिन निवासी कटीरा जाफराबाद जिला हापुड़ बताए। बदमाशों ने अपने फरार साथी का नाम अनस उर्फ नस्सो निवासी खत्ता रोड बताया। पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए। 
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों बदमाश बेहद शातिर वाहन चोर हैं जो अब तक चोरी के दर्जनों वाहनों को सोतीगंज में बेच चुके हैं। आज भी ये बदमाश सोतीगंज में चोरी की बाइक बेचने जा रहे थे, मगर इससे पहले ही पुलिस के हाथ चढ़ गए। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। बदमाशों से वाहन खरीदने वाले कबाड़ियों के विषय में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular